सामना संवाददाता / मुंबई
भारतीय प्रबंधन संस्थान मुंबई (IIM Mumbai) में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक हिंदी दिवस/पखवाड़ा उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर माननीय शिक्षा मंत्री का संदेश, मंत्रिमंडल के सचिव का संदेश एवं सचिव, उच्चतर शिक्षा विभाग की अपील समस्त कार्मिकों में परिचालित की गई।
हिंदी दिवस के अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. मनोज कुमार तिवारी का संदेश जारी किया गया। इस दौरान वाशी, नवी मुंबई में गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, भारत सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में संस्थान के अधिकारियों ने सहभागिता की।
तत्पश्चात, संस्थान में निबंध लेखन, टिप्पण लेखन, स्वरचित काव्य पठन, वर्ग पहेली, प्रश्नावली, चित्र कथा लेखन, हिंदी टंकण, सुंदर हस्तलेखन, श्रुत लेखन, आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गई. इन प्रतियोगिताओं में संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की और पुरस्कार जीते। प्रो. मनोज कुमार तिवारी, निदेशक एवं ले.क.(श्रीमती) निशा सिंह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दी है और सभी कार्मिकों को हिंदी में अधिक से अधिक सरकारी कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का संचालन मो. आफताब आलम, सहायक प्रशासनिक अधिकारी ग्रेड 1 (हिंदी भाषा) ने किया।
