अनिल मिश्र / रांची
झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2026–27 के तहत खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिता 6 एवं 7 अक्टूबर को खेलगांव स्थित अल्बर्ट एक्का स्टेडियम एवं हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। इसमें झारखंड प्रदेश के सभी 24 जिलों के अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के 1,152 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। दरअसल खेलो झारखंड के मंच का प्रतिफल अब कबड्डी और खो-खो के मैदान पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है। पिछले चार वर्ष की कड़ी मेहनत के कारण पांचवें वर्ष में ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों से आए खिलाड़ी प्रोफेशनल खिलाड़ियों जैसी तकनीक, फिटनेस, अनुशासन, रणनीति और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदर्शन साबित कर रहा है कि उचित मंच और अवसर मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। आज पहले दिन के प्रथम चरण में कबड्डी बालक वर्ग में चतरा, पलामू, गिरिडीह, साहिबगंज, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां, पाकुड़, गुमला, देवघर, बोकारो एवं गढ़वा विजेता रहे। बालिका वर्ग में साहिबगंज, हजारीबाग, रांची, धनबाद, रामगढ़, गोड्डा, देवघर, पाकुड़, दुमका, गढ़वा, बोकारो एवं सिमडेगा ने जीत दर्ज की।
खो-खो के प्रथम चरण में बालक वर्ग से रामगढ़, धनबाद, चतरा, कोडरमा एवं हजारीबाग, जबकि बालिका वर्ग में रामगढ़, जामताड़ा, गुमला, लातेहार एवं गढ़वा विजेता रहे। समाचार लिखे जाने तक कबड्डी प्री क्वार्टर का मैच जारी है ।
