-1,468 चालान काटे, 96 वाहन क्रेन से उठाए गए
योगेश कुमार सोनी / पूर्वी दिल्ली
दिल्ली की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ईस्टर्न रेंज ने एमसीडी और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर 5 से 8 अक्टूबर 2026 तक व्यापक संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान अवैध अतिक्रमण करने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
ईस्टर्न रेंज के विभिन्न इलाकों में चलाए गए इस अभियान के तहत सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जे, अनधिकृत रेहड़ी-पटरी, गलत पार्किंग तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों को निशाना बनाया गया। संयुक्त टीमों ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कुल 361 अवैध अतिक्रमण हटाए। इनमें रेहड़ी-पटरी और अन्य अनधिकृत सामान शामिल थे।
अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ गलत पार्किंग करने वालों के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 1468 चालान जारी किए गए और 96 वाहनों को टो करके हटाया गया। इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य सड़कों पर यातायात का दबाव कम करना, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथों को खाली कराना और आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना था।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से चलाए गए इन अभियानों के परिणामस्वरूप यातायात प्रवाह को बेहतर बनाने, पैदल यात्रियों के रास्ते बहाल करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने में मदद मिली। यह कार्रवाई सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने के लिए संबंधित एजेंसियों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जा, सड़क पर अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियां, गलत पार्किंग तथा यातायात बाधित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्वी रेंज में एमसीडी, स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाना, यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना और सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
