मुख्यपृष्ठनए समाचारअकासा एयर के नेटवर्क का विस्तार : दैनिक उड़ानों की संख्या 200...

अकासा एयर के नेटवर्क का विस्तार : दैनिक उड़ानों की संख्या 200 के पार पहुंची

सामना संवाददाता / मुंबई

भारत की सबसे तेजी से बढ़ती एयरलाइन, अकासा एयर ने अपने नेटवर्क में बड़े विस्तार की घोषणा की है। कंपनी ने नए रूटों पर उड़ानें शुरू की हैं और प्रमुख रूटों पर उड़ानों की संख्‍या बढ़ाई हैं। यह कदम एक मजबूत नेटवर्क बनाने और यात्रियों को अधिक सुविधा, कनेक्टिविटी और बेहतर विकल्प देने के लिए अकासा एयर के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
आनंद श्रीनिवासन, सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी, अकासा एयर ने कहा, “जब हमने चार साल पहले अकासा एयर की शुरुआत की थी, तब हमने दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते एविएशन बाजारों में से एक में एक बेहतरीन एयरलाइन बनाने का सुअवसर देखा था। आज हमारे नेटवर्क का दायरा उन सही फैसलों को दिखाता है, जिनके द्वारा हमने उन बाजारों में उड़ानें बढ़ाई हैं जहां मांग बढ़ रही है, बड़े आर्थिक केंद्रों को नए उभरते शहरों से जोड़ा है, और धीरे-धीरे अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का विस्तार किया है। हमारा मकसद सिर्फ उड़ानें बढ़ाना नहीं है; बल्कि सही समय, ज्यादा विकल्पों और भरोसेमंद सफर के जरिए यात्रा को और बेहतर बनाना है। जैसे-जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं, हमारा ध्यान लगातार बेहतरीन सेवा देने और एक ऐसी एयरलाइन बनने पर है जो भारत के एविएशन विकास में अहम भूमिका निभाए।”
अकासा एयर दिल्ली में अपनी मौजूदगी को लगातार बढ़ा रही है। अब यहाँ से हर हफ्ते 196 उड़ानें चल रही हैं, जो 14 शहरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी देती हैं। इस विस्तार के साथ, अकासा एयर अब दिल्ली-विशाखापट्टनम रूट पर रोजाना 1 उड़ान संचालित कर रही है। इसके साथ ही, मुंबई के लिए रोजाना 2 नई उड़ानें और बेंगलुरु व गोवा के लिए रोजाना 1-1 नई उड़ान जोड़ी गई है। यह बेहतर शेड्यूल दिल्ली को प्रमुख बड़े और छोटे शहरों से जोड़ता है और यात्रियों को पूरे दिन सफर के बेहतरीन विकल्प देता है।
एयरलाइन ने जयपुर और उदयपुर से भी अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं, जो इन दोनों शहरों को रोजाना सीधी उड़ानों के जरिए बेंगलुरु और मुंबई से जोड़ती हैं। इसके अलावा, चंडीगढ़ से बेंगलुरु और गोवा के लिए रोजाना सीधी उड़ानें शुरू करके उत्तर भारत में अपनी पकड़ और मजबूत की है।

अन्य समाचार