-आदित्य ठाकरे आज पुलिस कमिश्नर से करेंगे मुलाकात
-पूर्णेकर के परिजनों से करेंगे चर्चा
सामना संवाददाता / ठाणे
शिवसेना के मानपाड़ा शाखाप्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या को एक महीना बीत जाने के बाद भी मास्टरमाइंड आजाद हैं। पूर्णेकर परिवार द्वारा कई सबूत देने के बावजूद पुलिस जांच के नाम पर टालमटोल कर रही है। आज प्रदीप पूर्णेकर के मासिक श्राद्ध के अवसर पर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे और सांसद संजय राऊत ठाणे में पूर्णेकर परिवार से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद, सूत्रधार पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे की गिरफ्तारी और पूर्णेकर परिवार को न्याय देने की मांग को लेकर वे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे से मिलेंगे। प्रदीप पूर्णेकर की २९ सितंबर की रात उनके कार्यालय में गोली मारकर और चॉपर से हमला कर नृशंस हत्या कर दी गई थी।
एसआईटी की नौटंकी
पुलिस जांच पर सवाल उठने के बाद एसआईटी अधिकारियों ने प्रेस कॉन्प्रâेंस बुलाई, लेकिन अधिकारियों के पास पत्रकारों के सवालों का कोई ठोस जवाब नहीं था। केवल `जांच जारी है’ का रटा-रटाया जवाब देने के कारण सह-पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले असहज नजर आए और १५ मिनट में ही प्रेस कॉन्प्रâेंस खत्म कर दी गई।
परिवार का आरोप है कि शिंदे गुट की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे ही इसके मुख्य साजिशकर्ता हैं। सप्लीमेंट्री एफआईआर में नाम होने और वीडियो सबूत देने के बावजूद पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है।
घटनाक्रम और विरोध प्रदर्शन
सड़क जाम और हंगामा: मंगलवार को पूर्णेकर के बेटे राम पूर्णेकर जब पालक मंत्री एकनाथ शिंदे के घर के बाहर प्रदर्शन करने गए, तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद पूर्णेकर परिवार और सर्वदलीय नेताओं ने नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में १० घंटे तक रास्ता रोको प्रदर्शन किया।
शिंदे गुट की धमकी
घोडबंदर में हाईवे जाम होने से नाराज शिंदे गुट के सांसद नरेश म्हस्के ने चेतावनी दी कि ठाणे में आने वाले विरोधियों को आसानी से लौटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने नौपाड़ा पुलिस स्टेशन जाकर प्रदर्शनकारियों पर मामला दर्ज करने का दबाव भी बनाया। वहीं आगरा-कोली समाज और स्थानीय संगठनों ने नरेश म्हस्के की धमकी की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है।
पूर्णेकर परिवार का आक्रोश
मृतक प्रदीप पूर्णेकर की पत्नी विजेता पूर्णेकर ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि सांसद म्हस्के आरोपियों को बचाने के लिए प्रेस कॉन्प्रâेंस कर रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं।
प्रताप सरनाईक की मांग
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने सार्वजनिक रूप से कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, मीनाक्षी शिंदे को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
