टेनिस बॉल से गलियों में धमाल मचाने वाला एक लड़का अब टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गया है। कहानी है युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की, जिन्होंने आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत में अपने संघर्ष के कई दिलचस्प किस्से सुनाए। जब उनसे पूछा गया कि जान पर बन आए और आखिरी गेंद फेंकनी हो तो लेदर बॉल चुनेंगे या टेनिस बॉल, तो उन्होंने बिना सोचे टेनिस बॉल चुन ली। प्रिंस ने बताया कि नकल बाउंसर और यॉर्कर का हुनर उन्होंने महंगी अकादमी में नहीं, बल्कि गलियों में टेनिस बॉल से गेंदबाजी करते हुए सीखा। टीम इंडिया में चयन की खबर मिली तो जनाब फोन साइलेंट करके सो रहे थे। उठे तो कॉल की बाढ़ आ चुकी थी। विराट कोहली का विकेट लेने की खुशी भी उनके सफर का यादगार पड़ाव बनी।
