महाठग सुकेश चंद्रशेखर के २०० करोड़ रुपए के वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में गवाही देने पहुंचना था, लेकिन मैडम नदारद रहीं! ऊपर से वकील ने हाजिरी से छूट की अर्जी लगा दी। यह देखकर अदालत का पारा चढ़ गया। कोर्ट ने दो टूक सुना दिया, ‘वह गवाह हैं और उन्हें यहां मौजूद होना चाहिए था। उनका बर्ताव ठीक नहीं है। अदालत को हल्के में न लें।’ इतना ही नहीं, वकील को भी नसीहत दी कि नोरा से कहें, कोर्ट को बेवकूफ बनाने की कोशिश न करें। अदालत ने अब नया समन जारी कर ६ नवंबर को पेश होने का फरमान सुनाया है। गौरतलब है कि ईडी की पूछताछ में नोरा ने दावा किया था कि सुकेश और उसकी पत्नी ने उन्हें पार्टी में परफॉर्म करने बुलाया था। फीस के बदले नकदी नहीं, बल्कि महंगे तोहफे मिले थे। इनमें बीएमडब्ल्यू कार और गुच्ची का हैंडबैग भी शामिल था। अब देखना है कि ६ नवंबर को नोरा अदालत पहुंचती हैं या फिर तारीख पर तारीख का खेल चलता है!
