मुख्यपृष्ठनए समाचारमीरा-भायंदर में भाजपा-शिंदे गुट के बीच...‘टिट फॉर टैट' की सियासत!

मीरा-भायंदर में भाजपा-शिंदे गुट के बीच…‘टिट फॉर टैट’ की सियासत!

– राजनीतिक रोटियां सेंकने में व्यस्त दोनों दल
– पानी की समस्या छोड़ आंदोलनों के दौर से जनता त्रस्त
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा-भायंदर महानगरपालिका में शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब पूरी तरह सड़कों पर आ चुका है। पत्रकारों पर हुए हमले और महानगरपालिका में गुंडागर्दी के आरोपों के बाद शिंदे गुट और भारतीय जनता पार्टी के बीच ‘टिट फॉर टैट’ (जैसे को तैसा) का खेल शुरू हो गया है। दोनों सत्ताधारी दल एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए आंदोलनों की शृंखला चला रहे हैं, जिससे स्थानीय जनता बुरी तरह त्रस्त हो चुकी है। विवाद की शुरुआत १६ अक्टूबर को मनपा महासभा में पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट से हुई। इसके विरोध में शिंदे गुट के पदाधिकारियों ने भाजपा के १६ नगरसेवकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शिंदे गुट ने २६ अक्टूबर से इन नगरसेवकों के वार्डों में जाकर ‘धड़क जनआंदोलन’ शुरू किया, जिसका समापन १ नवंबर को प्रतीकात्मक ‘बकासुर वध’ के साथ करने का एलान किया गया। शिंदे गुट का सीधा निशाना स्थानीय भाजपा नेतृत्व पर है। शिंदे गुट के इस आक्रामक रुख के जवाब में भाजपा ने भी र्इंट का जवाब पत्थर से देने की रणनीति अपनाई है। स्थानीय भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप जैन और मनपा में स्थाई समिति अध्यक्ष हंसमुख गहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शिंदे गुट के खिलाफ जवाबी आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाजपा नेताओं ने सीधा आरोप लगाया है कि जंगलों में अवैध शिकार मामले में फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र देने वाले शिंदे गुट के कार्यकर्ता डॉ. सचिन पलांडे को बचाने के लिए यह सब किया जा रहा है। इसके विरोध में भाजपा ने सोमवार को नवघर नाका स्थित हनुमान मंदिर के पास आंदोलन की घोषणा की है। महायुति गठबंधन के इन दोनों प्रमुख घटकों के बीच का यह ‘महासंग्राम’ अब शहर की शांति व्यवस्था के लिए सिरदर्द बन गया है। एक तरफ जहां विकास कार्य ठप पड़े हैं, वहीं दूसरी तरफ रोज-रोज के आंदोलनों, नारेबाजी और राजनीतिक टकराव के कारण सड़कों पर ट्रैफिक जाम और तनाव का माहौल है। आम जनता का कहना है कि पानी की समस्या जैसे जनहित के गंभीर मुद्दों को छोड़कर दोनों दल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने और एक-दूसरे से बदला लेने में व्यस्त हैं, जिससे नागरिकों का जीना दूभर हो गया है।

अन्य समाचार