-दीया मिर्जा की प्रदूषणमुक्त दिवाली की अपील पर राजनीतिक विवाद; भाजपा नेता की
आपत्ति के बाद बीएमसी ने हटाया वीडियो, अभिनेत्री ने कहा-कोई पैसा नहीं लिया
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में प्रदूषणमुक्त दिवाली मनाने की अपील को लेकर महानगरपालिका के भीतर ही मतभेद सामने आ गए हैं। अभिनेत्री दीया मिर्जा का जागरूकता वीडियो हटाए जाने के बाद महापौर ऋतु तावड़े और उपमहापौर संजय घाडी ने अलग-अलग रुख अपनाया है।
मुंबई हाई कोर्ट के निर्देशों और बढ़ते वायु प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए बीएमसी ने नागरिकों से पटाखों का इस्तेमाल कम करने की अपील की थी। अभियान में दीया मिर्जा, माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे जैसे प्रसिद्ध चेहरे शामिल किए गए थे। विवाद तब शुरू हुआ जब मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने दीया मिर्जा की भागीदारी पर आपत्ति जताई। इसके बाद महानगरपालिका ने उनका वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया, जबकि अन्य हस्तियों के वीडियो बने रहे। महापौर ऋतु तावड़े ने कहा कि भविष्य में ऐसे अभियानों के लिए चुने जाने वाले नामों की जानकारी उन्हें पहले दी जानी चाहिए। उन्होंने दीया मिर्जा के पुराने सार्वजनिक बयानों पर भी आपत्ति जताई। दूसरी ओर उपमहापौर संजय घाडी ने प्रदूषण कम करने की अभिनेत्री की अपील का समर्थन किया। दीया मिर्जा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अभियान में भाग लेने के लिए कोई पारिश्रमिक नहीं लिया था। उनका कहना है कि उद्देश्य केवल स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। अब सवाल है कि महानगरपालिका का सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियान राजनीतिक मतभेदों के आधार पर संचालित होगा या प्रदूषण नियंत्रण के वैज्ञानिक उद्देश्य पर? विवाद के बीच बीएमसी के प्रदूषणमुक्त दिवाली अभियान की मूल अपील भी चर्चा का विषय बन गई है।
