मुख्यपृष्ठनए समाचार‘अमित शाह जी, मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए...बस उन्हें मुझसे बहस...

‘अमित शाह जी, मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए…बस उन्हें मुझसे बहस के लिए मना लीजिए’

-पीएम मोदी को राहुल गांधी की फिर खुली चुनौती; बोले, कोई भी मंच और कोई भी समय मंजूर, एसआईआर पर चर्चा को लेकर गृहमंत्री के बयानों पर उठाए सवाल
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती एक बार फिर दोहराते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा, `अमित शाह जी, मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए। बस उन्हें मेरे साथ खुली बहस के लिए मना लीजिए। कोई भी मंच, कोई भी समय।’ राहुल का यह बयान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा को लेकर सरकार तथा विपक्ष के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच आया है।
राहुल गांधी ने शुक्रवार, ६ नवंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अमित शाह के बयानों में कथित विरोधाभास का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री को प्रधानमंत्री को भ्रमित करने के बजाय उन्हें सीधे बहस के लिए तैयार करना चाहिए। इससे पहले राहुल गांधी ने २ नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी पर विदेशी समर्थन से सत्ता में आने और सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया था।
अमित शाह ने कहा था, `प्रधानमंत्री को पत्र लिखिए’
राहुल गांधी की चुनौती पर ५ नवंबर को हरियाणा के करनाल में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी थी। भाजपा के `लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के दौरान उन्होंने राहुल से कहा कि यदि वे वास्तव में चर्चा करना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री को पत्र लिखें। शाह ने यह भी कहा कि सरकार एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है।

अन्य समाचार