-`ईरान के बाकी हिस्सों को भी तबाह कर दूंगा’
-सनकी ट्रंप की फिर नई धमकी
एजेंसी / वॉशिंगटन
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में अपनी रिपब्लिकन पार्टी को मिले झटके के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है। चुनावी हार और ईरान युद्ध के आर्थिक नुकसान पर सवालों के बीच ट्रंप का आक्रामक रुख बरकरार है। गुरुवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है। जरूरत पड़ी तो ईरान के खिलाफ फिर बड़ा सैन्य अभियान चलाया जा सकता है। इसके लिए उन्होंने `लॉक्ड एंड लोडेड’ यानी हथियारों के साथ पूरी तरह तैयार होने की बात कही।
ट्रंप ने धमकी भरे अंदाज में कहा कि वह ईरान के बाकी बचे हिस्से को तबाह नहीं करना चाहते, लेकिन जरूरत पड़ी तो ऐसा भी कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि और हमले हुए तो ईरान को दोबारा खड़ा होने में करीब २५ साल लग जाएंगे। साथ ही चेतावनी दी कि आगे क्या होगा, इसका पता जल्द चल जाएगा। गौरतलब है कि ईरान युद्ध और उससे बढ़ी र्इंधन कीमतों को रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी हार की वजहों में गिना जा रहा है।
उधर, ईरान ने कतर के जरिए अमेरिका को परमाणु कार्यक्रम पर नया प्रस्ताव भेजा है। ऐसे में एक तरफ बातचीत की कोशिशें जारी हैं, तो दूसरी तरफ ट्रंप की नई सैन्य धमकी से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका है।
