सामना संवाददाता / मुंबई
दिवाली की खुशियों के नाम पर पटाखों का पागलपन लोगों की आंखों की रोशनी पर भारी पड़ा। आसमान में चिंगारियां उछालने और तेज धमाकों का शौक अस्पतालों में घायलों की कतार बढ़ाता रहा। कुछ मिनटों के रोमांच के लिए लोगों ने अपनी ही नहीं, मासूम बच्चों और आसपास खड़े बेगुनाहों की आंखों को भी खतरे में डाल दिया। हर साल की तरह इस बार भी पटाखों से आंखों में चोट के मामले सामने आए। दिवाली के दौरान रोजाना करीब २५ से ३५ मरीज आंखों की चोट लेकर अस्पताल पहुंचे। यह आंकड़ा उत्सव के नाम पर बरती गई लापरवाही की खौफनाक तस्वीर बनकर सामने आया।
पटाखों की छोटी-सी चिंगारी ने कॉर्निया को नुकसान पहुंचाया, जबकि धुएं और रासायनिक कणों से आंखों में जलन, खरोंच, बाहरी कणों का प्रवेश और आंतरिक रक्तस्राव जैसी समस्याएं पैदा हुर्इं। गंभीर चोटों में स्थायी दृष्टिहीनता का खतरा भी बना रहा। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि पटाखे फोड़ने वालों के साथ आसपास खड़े निर्दोष लोग भी इसकी चपेट में आए।
वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शशि कपूर के मुताबिक, दिवाली के शुरुआती दो दिनों में मरीजों की संख्या कम रही, लेकिन आगे इसमें बढ़ोतरी देखी गई। डॉ. सुप्रिया श्रीगणेश ने बताया कि हरे पटाखों से भी धुआं और बारीक कण निकले, जो आंखों के लिए नुकसानदेह साबित हुए। डॉ. वंदना जैन ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
पटाखों के ठीक से न फूटने पर उन्हें दोबारा जलाने की कोशिश कई हादसों की वजह बनी। आखिर कुछ पलों के शोर और दिखावे के लिए लोगों ने आंखों की अनमोल रोशनी क्यों दांव पर लगा दी? त्योहार की खुशियां अस्पतालों और जिंदगीभर के अंधेरे में तब्दील होती नजर आर्इं।
