-रोहित पवार का फडणवीस और भाजपा पर तीखा हमला
-मुंढवा मामले को लेकर उठाए सवाल
सामना संवाददाता / मुंबई
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में अजीत पवार गुट के विलय को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। विधायक रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए अजीत पवार को कथित तौर पर ब्लैकमेल fिकए जाने का गंभीर मुद्दा उठाया है। उन्होंने पूछा कि पिंपरी-चिंचवड़ मनपा चुनाव और मुंढवा प्रकरण के दौरान आखिर ‘दादा’ को कौन ब्लैकमेल कर रहा था और इसके पीछे किसके आदेश थे? रोहित पवार ने सामाजिक माध्यम पर अपनी पोस्ट के जरिए भाजपा के राजनीतिक हस्तक्षेप पर कड़ा प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस के एकीकरण का फैसला पूरी तरह पार्टी का आंतरिक विषय है। इसमें भाजपा नेताओं को दखल देने की कोई आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री फडणवीस का यह कहना कि भाजपा के बिना दोनों गुटों का एकीकरण संभव नहीं है, सत्ता के अहंकार को दर्शाता है। रोहित पवार ने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा कि जब राष्ट्रवादी कांग्रेस में दादा गुट के विलय को लेकर कोई चर्चा ही नहीं हो रही और भाजपा के साथ रहते हुए एकीकरण का सवाल भी नहीं उठता, तो मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं को इस विषय पर अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए। रोहित पवार के पोस्ट का सबसे विस्फोटक पहलू अजीत पवार को कथित रूप से ब्लैकमेल किए जाने का सवाल है। पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका चुनाव और मुंढवा प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने पूछा कि दादा पर दबाव कौन बना रहा था? उन्हें ब्लैकमेल करने के आदेश किसने दिए थे? रोहित पवार के इन सवालों ने महायुति सरकार और भाजपा की भूमिका को लेकर नए राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है।
अजीत पवार की मौत पर सवाल, सरकार दे जवाब!
महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उमेश पाटील ने इस घटना को महज हादसा मानने से इनकार करते हुए साजिश की आशंका जताई है। उनके बयान ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है और सरकार की जांच व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। उमेश पाटील ने कहा कि अजीत पवार के साथ हुई घटना सामान्य विमान दुर्घटना नहीं, बल्कि इसके पीछे साजिश होने की आशंका है। उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत धारणा बताते हुए स्वीकार किया कि फिलहाल इस आशंका को साबित करने वाला कोई ठोस प्रमाण उपलब्ध नहीं है।
