मुख्यपृष्ठस्तंभगजबे है : किसानन के गुस्सा देख सांसद जी के उतर गइल...

गजबे है : किसानन के गुस्सा देख सांसद जी के उतर गइल हेकड़ी!

उमा सिंह

अरे वाह रे सांसद महोदय, पहले किसानों को तीन महीने खेती करने वाला और नौ महीने ताश-शराब में डूबा रहने वाला बता दिया। अब जब किसान भाई नाराज हो गए, तो कहने लगे कि हमारी बात का गलत मतलब निकाल लिया गया। अरे भाई, बात का गलत मतलब निकला है या मुंह से निकली बात अब भारी पड़ने लगी है?
अब भाजपा सांसद जी कह रहे हैं कि उनका मकसद किसानों का अपमान करना नहीं, बल्कि उन्हें गोपालन और दुग्ध उत्पादन से आत्मनिर्भर बनाना था। ई बात तो पहले बताना था न महाराज। किसान की मेहनत पर तंज कसकर आत्मनिर्भरता का पाठ पढ़ाएंगे? गजबे है सांसद साहब..! और तो और, सफाई देते-देते सांसद जी ने नया ज्ञान भी बांट दिया। बोले, ९५ प्रतिशत घरों में कोई न कोई नशा करता है। अब कोई इनसे पूछे कि बाकी पांच प्रतिशत घरों का सर्वे कब और कहां किया था? आंकड़ों का ई कौन-सा नया गणित है भाई? सबसे मजेदार बात तो ई है कि उनकी ही पार्टी के विधायक सिद्धार्थ तिवारी किसानों से माफी मांग रहे हैं और सांसद जी अपनी बात का मतलब समझाने में लगे हैं। यानी गलती भी नहीं माननी और सफाई भी देते रहना है।
अरे जनार्दन बाबू, किसान ताश के पत्तों से नहीं, पसीने से खेत सींचता है। कभी नौ महीने खेत में खड़े होकर देखिए, तब समझ आएगा कि अन्नदाता की जिंदगी कितनी मुश्किल होती है। मंच से बयान देना आसान है, खेती करना नहीं! किसानों को नसीहत देने से पहले उनकी मेहनत का हिसाब तो समझ लीजिए महाराज..!

`किसानों को लेकर विवादित टिप्पणी करने के बाद चौतरफा घिरे रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने बुधवार को सफाई दी। उन्होंने कहा कि वे किसानों का अपमान नहीं कर रहे थे, बल्कि दुग्ध उत्पादन और गोपालन को बढ़ावा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की बात कह रहे थे।’

अन्य समाचार