मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा विधायक के बेटे ने शराब के नशे में मचाई तबाही!

भाजपा विधायक के बेटे ने शराब के नशे में मचाई तबाही!

-भीषण हादसे में एक की मौत, पांच गंभीर घायल
-एमपी में ठोकी गाड़ी, सत्ता की रसूख का असर

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में महायुति सरकार के दौरान भाजपा नेताओं और उनके करीबियों के कथित सत्ता के रसूख को लेकर एक और गंभीर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा विधायक परिणय फुके के परिवार से जुड़ी कार मध्य प्रदेश के पेंच अभयारण्य क्षेत्र में भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। आरोप है कि उनके बेटे ने नशे में धुत होकर यहां तबाही मचाई है। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना के समय विधायक के बेटे यथार्थ फुके शराब के नशे में गाड़ी चला रहे थे।
यह दुर्घटना ४ नवंबर की रात मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में कुरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन विधायक परिणय फुके के नाम पर होने की बात सामने आई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस मामले को गंभीर बताते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले को दबाने और विधायक के बेटे को बचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनौती देते हुए कहा कि विधायक का बेटा होने के कारण किसी को कानून से संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
शिवसेना की उपनेता सुषमा अंधारे ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ किसान संकट से जूझ रहे हैं और दूसरी तरफ नेताओं के परिवारों से जुड़े युवाओं के वाहन इस्तेमाल और कथित लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हालांकि, परिणय फुके ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि उनका बेटा दुर्घटनाग्रस्त वाहन नहीं चला रहा था और दोनों वाहन पेशेवर चालक चला रहे थे।

अन्य समाचार