– ६६१ पद खाली, १७४ कर्मचारियों के भरोसे २५ लाख की आबादी
– ५० मंजिला इमारतों वाले शहर की अग्नि सुरक्षा भगवान भरोसे
सामना संवाददाता / ठाणे
ठाणे में गगनचुंबी इमारतें तेजी से आसमान छू रही हैं, लेकिन इन इमारतों में रहने वाले लाखों लोगों की जान बचाने वाली अग्निशमन व्यवस्था खुद दम तोड़ती नजर आ रही है। नगर निगम के अग्निशमन विभाग में ७९ फीसदी पद खाली पड़े हैं। स्वीकृत ८३५ पदों में से ६६१ पद रिक्त हैं और महज १७४ कर्मचारी २५ लाख से अधिक आबादी की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे हैं। सवाल है कि जब शहर में ५० मंजिला से भी ऊंची इमारतें खड़ी हो रही हैं, तो आग बुझाने के लिए पर्याप्त दमकलकर्मी क्यों नहीं हैं?
रहेजा कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग ने इस बदहाल व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। आग पर काबू पाने के लिए ठाणे को मुंबई अग्निशमन विभाग से अतिरिक्त जवान और संसाधन बुलाने पड़े। मुंब्रा की आग के बाद भी जनशक्ति संकट पर सवाल उठे थे, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस सबक नहीं लिया। नतीजा, हर बड़ी आग के साथ ठाणे की अग्नि सुरक्षा पर खतरा और गहरा होता जा रहा है। शहर के १४ दमकल केंद्रों में कर्मचारियों का टोटा है। हालत यह है कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी का पद लंबे समय से खाली है। ऐसे में एक साथ कई स्थानों पर आग लगने पर विभाग कैसे निपटेगा? हैरानी की बात है कि ६०१ पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद नियुक्तियां अटकी हुई हैं। इनमें ३६१ अग्निशामक, १३ सहायक अग्निशामक और २०७ चालक व मशीन ऑपरेटर शामिल हैं। १०७ इंजीनियरिंग पदों पर भर्ती भी प्रस्तावित थी, लेकिन प्रशासनिक देरी ने पूरी प्रक्रिया को जकड़ रखा है। प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश जाल्के ने कमी स्वीकार की है, जबकि अतिरिक्त आयुक्त डॉ. नितिन बोदाडे ने साल के अंत तक करीब ६०० कर्मचारियों के आने की उम्मीद जताई है।
