मुख्यपृष्ठनए समाचार`देवाभाऊ', क्या मुंबई की महिलाएं सुरक्षित हैं? .. लोकल में भी दिंरदों...

`देवाभाऊ’, क्या मुंबई की महिलाएं सुरक्षित हैं? .. लोकल में भी दिंरदों का आतंक!

-छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को ट्रेन से धकेला, काटना पड़ा बायां हाथ!

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई में महिला सुरक्षा के दावों की एक और खौफनाक हकीकत सामने आई है। बोरीवली-विरार लोकल में छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवती को इतना भारी पड़ा कि दरिंदे ने उसे ट्रेन से नीचे धकेल दिया। पहियों के नीचे आने से उसका बायां हाथ काटना पड़ा और सिर पर १६ टांके लगे। सवाल है कि आखिर मुंबई की महिलाएं लोकल में भी सुरक्षित क्यों नहीं हैं? देवाभाऊ, महिला सुरक्षा के दावे आखिर किस काम के?
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में महिलाओं की सुरक्षा के दावों की एक बार फिर पोल खुल गई है। पश्चिम रेलवे की लोकल में छेड़छाड़ का विरोध करना २० वर्षीय विवाहिता को इतना भारी पड़ा कि उसे अपना बायां हाथ गंवाना पड़ा। नायगांव स्टेशन पर आरोपी ने पहले उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और विरोध करने पर उसे चलती ट्रेन से नीचे धकेल दिया। इस खौफनाक घटना ने १९९८ में जयबाला आशर के साथ हुई घटना की यादें ताजा कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक, सोफिया शेख ४ नवंबर को बोरीवली-विरार लोकल से नायगांव जा रही थीं। भीड़ के कारण वे दिव्यांग डिब्बे में चढ़ गर्इं। वहां मौजूद ५३ वर्षीय जितेंद्र हिरमुखे ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद हुआ और नायगांव स्टेशन पर आरोपी ने उसे ट्रेन से नीचे धकेल दिया। दो डिब्बों के बीच में गिरने के बाद ट्रेन चल पड़ी, जिससे उसका बायां हाथ कोहनी से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसे कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। सवाल यह है कि आखिर लोकल में सफर करने वाली महिलाएं कब तक अपनी सुरक्षा के लिए खुद संघर्ष करती रहेंगी? पिछले साल स्वरा भोसले ने भी महिला डिब्बे में घुसने की कोशिश करने वाले युवक की हरकत उजागर की थी। लगातार सामने आ रही घटनाएं रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
रेलवे के दावे, लेकिन जवाबदेही कहां?
सीसीटीवी, हेल्पलाइन और महिला सुरक्षा दलों के दावों के बावजूद घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा। आखिर महिला डिब्बों में नियमित पुलिस गश्त क्यों नहीं? संवेदनशील स्टेशनों पर पर्याप्त सुरक्षा बल क्यों नहीं? क्या रेलवे प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही जागेगा? लाखों महिलाओं की रोजाना की यात्रा को सुरक्षित बनाना रेलवे की जिम्मेदारी है, महज दावे करना नहीं।

अन्य समाचार