मुख्यपृष्ठनए समाचारमनमोहन सिंह ने तो मांग ली थी माफी, मोदी कब मांगेंगे!

मनमोहन सिंह ने तो मांग ली थी माफी, मोदी कब मांगेंगे!

–महंगाई ६.०९ फीसदी के पार, प्याज ११६ फीसदी महंगा
-कांग्रेस ने २०१४ का मोदी का पुराना वीडियो साझा कर पूछा- प्रधानमंत्री जी, अब जनता से माफी मांगेंगे?

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

महंगाई को लेकर कभी तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से जनता के सामने माफी मांगने की मांग करने वाले नरेंद्र मोदी अब खुद सवालों के घेरे में हैं। अक्टूबर २०२६ में खुदरा महंगाई दर ६.०९ प्रतिशत पर पहुंच गई है। यह भारतीय रिजर्व बैंक की तय ऊपरी सीमा ६ प्रतिशत से भी ज्यादा है। खाद्य महंगाई ने तो आम आदमी की रसोई का बजट ही बिगाड़ दिया है। खाने-पीने की चीजों की महंगाई दर ८.९४ प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि प्याज के दामों में सालाना आधार पर ११६ प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है। महंगाई के इन आंकड़ों के सामने आते ही कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी का २०१४ से पहले का एक पुराना वीडियो साझा कर उन्हें आईना दिखाया है।
उस वीडियो में मोदी तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर हमला बोलते हुए कहते दिखाई देते हैं कि जब सरकार अपने वादे के मुताबिक, सौ दिनों में महंगाई कम नहीं कर पाई और दो हजार दिन बीत गए तो प्रधानमंत्री को जनता से कहना चाहिए कि यह हमारी गलती है, हमें माफ कर दीजिए। मोदी के इसी बयान को याद दिलाते हुए कांग्रेस ने सवाल किया है कि प्रधानमंत्री जी, अब महंगाई ६ प्रतिशत की सीमा पार कर गई है प्याज ११६ प्रतिशत महंगा हो गया है, तो क्या आप भी जनता से माफी मांगेंगे?
सवाल यह है कि विपक्ष में रहते हुए महंगाई पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को अपराध बताने वाले मोदी आज खुद इस मुद्दे पर कितने जवाबदेह हैं? जिस महंगाई को कभी देश की सबसे गंभीर समस्या बताकर तत्कालीन प्रधानमंत्री से माफी की मांग की गई थी, उसी महंगाई ने अब आम परिवारों की कमर तोड़ दी है। लगातार बढ़ती कीमतों के बीच जनता को राहत देने के बजाय सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस ने पुराने वीडियो के जरिए मोदी सरकार को उसी के पुराने बयानों के कटघरे में खड़ा कर दिया है।

अन्य समाचार