मुख्यपृष्ठस्तंभतरकश : संभल के सैम भाई... बहुत कठिन है डगर पनघट की!

तरकश : संभल के सैम भाई… बहुत कठिन है डगर पनघट की!

धनुर्धर

इस दिवाली एक हलका-सा धमाका कांग्रेसी हलकों में भी हुआ। वैसे कुछ दशकों से कांग्रेस और धमाकों का रिश्ता ठंडा पड़ता जा रहा था। आतंकवाद के बढ़ते जोर के बीच हर धमाका कांग्रेस की मुसीबत और बीजेपी के लिए अवसर की तरह आने लगा था। उस दौरान सत्तारूढ़ दल के रूप में कांग्रेस के लिए हर धमाका उसकी नाकामी का एक उदाहरण हुआ करता था, जबकि विपक्षी दल के रूप में बीजेपी के लिए वही कांग्रेस को कोसने का सुनहरा मौका बन जाता था। दिलचस्प है कि पिछले करीब डेढ़ दशक से सत्ता में बीजेपी बैठी हुई है और विपक्षी मोर्चे पर कांग्रेस तैनात है, फिर भी सभी अहम धमाकों का फायदा बीजेपी उठा ले गई चाहे वह पुलवामा में हुआ धमाका हो या कोई और।
प्रदूषण और पटाखा
इधर हवा में बढ़ते प्रदूषण ने पटाखों के धमाकों को भी एक अप्रिय चीज बना दिया है। कांग्रेस समेत तमाम शांतिप्रिय, शुद्धताप्रेमी हवा को साफ बनाए रखने का आग्रह करते हुए पटाखों के धमाकों पर नाक-भौंह सिकोड़ते दिखाई देते हैं। लेकिन बीजेपी और उसके समर्थकों को शांति-सुकून से वैâसी एलर्जी है, आप जानते ही हैं। स्वाभाविक ही, दिवाली को अपनी संस्कृति और पटाखों को उसका अनिवार्य हिस्सा बताते हुए ये सब धमाकों की हिमायत करते रहे हैं।
गुणों का बखान
कुल मिलाकर देखें तो बीजेपी हलकों में धमाकों के लिए तो सब तैयार ही थे, पर धमाका कांग्रेसी खेमे से सुनाई दिया। हुआ यह कि कांग्रेस की ओवरसीज शाखा के सबसे बड़े नेता सैम पित्रोदा जो अक्सर कांग्रेस समर्थक बयानों से पार्टी का नुकसान किया करते थे, उन्होंने इस बार मोदी समर्थक बयान दे दिया। उन्होंने अपने ‘गुजराती मित्र’ के गुणों का बखान करते हुए बताया कि वह व्यक्तिगत रूप से बड़े दयालु किस्म के आदमी हैं। अब इस प्रकरण ने मानवर्धन किसका कितना किया, यह बाद में पता चलेगा लेकिन ज्ञानवर्धन हम सबका किया। इसने बताया कि जो शख्स सार्वजनिक तौर पर दशकों से ‘मौत का सौदागर’ रहा हो, वह ‘व्यक्तिगत रूप से’ दयालु किस्म का आदमी भी हो सकता है।
पहले फजीहत, फिर बधाई
वैसे देखा जाए तो इसमें किसी को आश्चर्य चकित होने की कोई जरूरत नहीं है। पीएम मोदी अपने पक्ष में बयान दिलवाने और ट्वीट करवाने में कितने सिद्धहस्त रहे हैं, यह कम से कम अब तो कोई रहस्य नहीं रहा। जिस ‘डियर प्रâेंड’ ने ट्रुथ सोशल पर ट्वीट के जरिए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान युद्धविराम की घोषणा करके अपने मित्र की फजीहत करवा दी थी, उसी प्रâेंड से बधाई दिलवाकर उन्होंने अपनी वाहवाही करा ली। मौका था सबसे लंबे समय तक पीएम पद की कुर्सी से चिपके रहने का रेकॉर्ड बनाने का। अमेरिकी दोस्त ने इन्हें बधाई दी और अपनी ही पार्टी के नेताओं-मंत्रियों ने इनकी पीठ ठोकी।
डॉलर की करामात
बाद में पता चला कि अमेरिकी दोस्त की उस बधाई का श्रेय भी इन्हें ही जाता है। मित्र अपने मन से बधाई देने का बड़प्पन दिखाने वाले नहीं थे। वह तो उस खास लॉबीइंग कंपनी की करामात थी, जिसे खुद मोदीजी की सरकार ने हायर किया था। उस बधाई के पीछे असल में हर महीने दी जाने वाली ७५ हजार डॉलर की रकम थी।
वजह क्या है
सैम भाई की इस तारीफ के पीछे असल में क्या है, यह अभी साफ नहीं हुआ है। लेकिन धमाका तो हुआ है। जैसे बिना आग के धुआं नहीं होता, वैसे ही बिना कारण राजनीति में धमाका भी नहीं होता। इसका असल कारण क्या है यह या तो सैम भाई बता सकते हैं या नरेंद्र भाई। दोनों ने ही फिलहाल चुप्पी धारण कर रखी है।
राहुल की बेरुखी
पर सैम भाई ठहरे पीएम के साथ मिलकर देश का भला करने वाली शख्सियत। एक जमाने में राजीव गांधी के साथ मिलकर भारत को तकनीकी विकास की राह पर ठेलने में लगे हुए थे। आजकल वह बाहर से ही राहुल गांधी को पीएम पद तक पहुंचाने में लगे दिख रहे हैं। पर राहुल खुद को पीएम बनाने के प्रॉजेक्ट में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे, उनका पूरा फोकस मोदी जी को इस पद से हटाने तक सीमित है।
कीमत पसीने की
ऐसे में सैम भाई कन्फ्यूज न हों तो क्या हों। सोचा होगा कि पीएम बदलने के काम में पसीना बहाने के बजाय अभी जो पीएम है, उसी के साथ मिलकर पसीना बहाया जाए। मगर अपने मौजूदा पीएम साहेब अच्छी तरह जानते हैं कि उनके साथ पसीना बहाने की तमन्ना रखने वाले लोग पसीने की हर बूंद की कीमत वसूलने के सौ-सौ तरीके जानते हैं। वह कीमत वे उन्हें मुफ्त में तो नहीं लेने देंगे न। सो सैम भाई याद रखें, पसीना बहाने की तमन्ना पालना एक बात है और सचमुच उसका मौका पा जाना बिल्कुल अलग बात।
(लेखक, वरिष्ठ साहित्यकार और पत्रकार हैं।)

अन्य समाचार