सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कल भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र में जानबूझकर संघर्ष भड़काने की कोशिश कर रही है। उन्होंने लोगों से भाजपा के इस जाल में नहीं फंसने की अपील की। राज ठाकरे ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को अपने कामकाज के दम पर चुनाव जीतना नहीं आता। इसलिए वह दो गुटों के बीच संघर्ष करवाती है और उनके बहाए गए खून पर चुनाव जीतती है। मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर लगे उद्घोषणा संबंधी ध्वनि-विस्तारक यंत्रों से पिछले दो दिनों से तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे हैं। इसे लेकर राज ठाकरे ने सोशल मीडिया मंच `एक्स’ पर अपनी स्पष्ट भूमिका रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके द्वारा पोषित जहरीला सोशल मीडिया धार्मिक मुद्दे का इस्तेमाल करके मुंबई और महाराष्ट्र में संघर्ष पैदा करने की पूरी कोशिश कर रहा है।
