मुख्यपृष्ठसमाचारछठ महापर्व का दूसरे दिन खरना से 36 घंटे का उपवास शुरू...

छठ महापर्व का दूसरे दिन खरना से 36 घंटे का उपवास शुरू होने के साथ बिहार, झारखंड, यूपी, प. बंगाल सहित पूरे देश और विदेश में पावन पर्व के कठिन तपस्या शुरू

अनिल मिश्र / कोलकाता / पटना / रांची

बिहार प्रदेश से शुरू होकर देश और विदेशों तक लोक आस्था का महापर्व छठ पर्व पहुंचने साथ ही इसके पवित्रता और आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई देता है। एआई और आधुनिक युग में भी बिहार प्रदेश, झारखंड, यूपी,पं बंगाल सहित पूरे देश भर के साथ- साथ विदेशों में भी इसी पवित्रता और आस्था के साथ मनाये जाने वाले इस कठिन 36 घंटे का उपवास वाले व्रत में कोई कमी नहीं दिखाई देता है। छठ पर्व वर्ष में दो बार मनाया जाता है। एक कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष चतुर्थी तिथि को नहाय खाय से शुरू होकर सप्तमी को पारण को करने के साथ संपन्न होने वाले इस महापर्व को देश के सबसे चर्चित महापर्व में गिनती किया जाता है। प्रथम दिन नहाय खाय को कद्दू के सब्जी और अरवा चावल के भात प्रसाद ग्रहण कर इस व्रत का शुभारंभ किया जाता है। इसके बाद दूसरे दिन व्रती पूरे दिन बिना अन्न और जल ग्रहण किए निर्जला उपवास रखते हैं।
शाम को मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी का उपयोग कर पूरी पवित्रता के साथ गुड़, दूध और अरवा चावल से खीर (रसियाव) और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है। शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा की जाती है और प्रसाद का भोग लगाया जाता है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाता है, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद समाप्त होता है।इस बीच व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे बने छठ घाटों पर पहुंचेंगे। वहां पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसे संध्या अर्घ्य कहा जाता है। इस दौरान श्रद्धालु छठी मैया और सूर्यदेव से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करेंगे। घाटों पर छठ गीतों की गूंज और पारंपरिक पूजा के दृश्य महापर्व की भव्यता को और बढ़ाएंगे।छठ महापर्व का चौथा और अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को मनाया जाएगा। इस दिन व्रती सूर्योदय से पहले ही पूजा सामग्री लेकर छठ घाटों पर पहुंच जाएंगे। सूर्य की पहली किरण के साथ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसे उषा अर्घ्य कहा जाता है। व्रती जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना करेंगे और परिवार की खुशहाली, संतान के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। उषा अर्घ्य के बाद पूजा संपन्न होगी और व्रती पारण कर अपना निर्जला उपवास खोलेंगे। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा। इसके बाद परिवार और समाज के लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा।छठ पूजा में प्रसाद की शुद्धता और पारंपरिक सामग्री का विशेष महत्व है। ठेकुआ इस पर्व का प्रमुख प्रसाद माना जाता है। इसे गेहूं के आटे, गुड़ या चीनी और घी से तैयार किया जाता है। इसके अलावा केला, नारियल, गन्ना, नींबू और अन्य मौसमी फल भी पूजा में शामिल किए जाते हैं। इन सभी सामग्रियों को बांस से बने सूप और दउरा में सजाकर घाट तक पहुंचाया जाता है। पूजा में प्राकृतिक सामग्री के इस्तेमाल की परंपरा छठ को लोकजीवन और प्रकृति से जोड़ती है। परिवार के सभी सदस्य प्रसाद तैयार करने और पूजा की व्यवस्था में सहयोग करते हैं। महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए प्रसाद बनाती हैं। इससे घरों में उत्सव, भक्ति और पारिवारिक एकजुटता का माहौल बनता है। इस अवसर पर स्थानीय बाजारों में फल, गन्ना, बांस के सूप, दउरा और पूजा सामग्री की मांग भी बढ़ जाती है।छठ महापर्व की पहचान इसके पारंपरिक लोकगीतों से भी है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के गांवों से लेकर देश के बड़े महानगरों तक छठ गीतों की गूंज सुनाई देती है। इन गीतों में भगवान सूर्य की महिमा, छठी मैया की आराधना, संतान के प्रति माता का स्नेह और परिवार की खुशहाली की कामना व्यक्त होती है। लोकगीतों के माध्यम से यह परंपरा एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती रही है। शारदा सिन्हा जैसी लोकगायिकाओं ने छठ गीतों को व्यापक पहचान दिलाई है। आज भी उनके गीत छठ के अवसर पर घरों और पूजा घाटों पर विशेष रूप से सुने जाते हैं। ये गीत महापर्व की धार्मिक आस्था के साथ-साथ बिहार और पूर्वांचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत रखते हैं।छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सामूहिक सहयोग का भी प्रतीक है। इस पर्व में जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर लोग एक साथ पूजा में शामिल होते हैं। छठ घाटों की सफाई, सजावट, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए स्थानीय समितियां, सामाजिक संगठन और स्वयंसेवी संस्थाएं सहयोग करती हैं। सूर्य और जल की उपासना से जुड़ा यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश भी देता है। सूर्य और जल जीवन के प्रमुख आधार हैं। ऐसे में छठ पूजा प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को समझने और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक होने का अवसर भी प्रदान करती है। श्रद्धालुओं से अपेक्षा की जाती है कि पूजा के बाद प्लास्टिक और अन्य कचरा जलाशयों में न डालें तथा घाटों की स्वच्छता बनाए रखें।समय के साथ छठ महापर्व बिहार और पूर्वांचल की सीमाओं से निकलकर देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों तक पहुंच चुका है। दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, कोलकाता, सूरत, अहमदाबाद और लखनऊ सहित कई महानगरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा करते हैं। रोजगार और शिक्षा के सिलसिले में दूसरे शहरों में रहने वाले लोग भी इस पर्व के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हैं। छठ आज भारतीय लोकसंस्कृति, आस्था और पारिवारिक एकजुटता की व्यापक पहचान बन चुका है। खरना के साथ शुरू होने वाली निर्जला साधना से लेकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक महापर्व का हर अनुष्ठान श्रद्धा, त्याग, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है। यही वजह है कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता, पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का माध्यम भी है।

अन्य समाचार