भावना सिंह
दुनिया की चकाचौंध भरी मनोरंजन इंडस्ट्री बाहर से जितनी ग्लैमरस नजर आती है, उसके पीछे छिपी कुछ कहानियां उतनी ही डरावनी है। यहां कामयाबी, पैसा और शोहरत का सपना दिखाकर युवतियों को ऐसे जाल में फंसाया जाता है, जहां से बाहर निकलना आसान नहीं होता। जापानी अभिनेत्री साकी कोजाई की आपबीती भी मनोरंजन जगत के इसी काले सच को उजागर करती है। उनकी कहानी बताती है कि वैâसे एक सुनहरा करियर बनाने की उम्मीद देखते ही देखते जिंदगी के सबसे बुरे अनुभव में बदल गई।
सालों पहले टोक्यो की एक सड़क पर २४ वर्षीय साकी की मुलाकात एक मॉडलिंग एजेंट से हुई थी। एजेंट ने उन्हें प्रमोशनल वीडियो में काम दिलाने का प्रस्ताव दिया। बेहतर करियर और ग्लैमर की दुनिया में पहचान बनाने की चाहत में साकी ने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया। उन्हें एक अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया। भविष्य की उम्मीदों में उन्होंने दस्तावेजों की पूरी जानकारी लिए बिना ही उस पर दस्तखत कर दिए। उन्हें क्या पता था कि यही कागज उनके लिए मुसीबत का दरवाजा खोलने वाला है। काम के पहले दिन जब साकी सेट पर पहुंचीं तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस काम को उन्होंने मॉडलिंग और प्रमोशनल वीडियो समझा था, वह दरअसल वयस्क फिल्मों से जुड़ा हुआ था। साकी के मुताबिक, वह इस तरह के काम के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं। अचानक सामने आई इस सच्चाई ने उन्हें बुरी तरह डरा दिया। वह सेट पर ही रोने लगीं। उनके मन में वहां से भाग निकलने की इच्छा थी, लेकिन हालात और आसपास मौजूद लोगों के बीच उन्हें बाहर निकलने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था। इस घटना ने साकी को मानसिक रूप से झकझोर दिया। लेकिन उन्होंने इस दर्दनाक अनुभव को जिंदगी भर का राज बनाकर रखने के बजाय दुनिया के सामने लाने का पैâसला किया।
