-आतंकवाद पर पाकिस्तान को घेरने का दावा करने वाली मोदी सरकार के सामने बड़ा सवाल
– एससीओ मंच पर पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भाषण को संस्कृति मंत्रालय ने दी प्रमुखता
– विपक्ष ने पूछा-आखिर पाकिस्तान को लेकर सरकार की नीति क्या है?
`श्रीनेत ने आरोप लगाया कि पहलगाम में शहीद हुए लोगों के परिवारों के जख्म अभी भरे भी नहीं हैं और सरकार पाकिस्तानी मंत्री को सम्मान देकर उनके जख्मों पर नमक छिड़क रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि पाकिस्तान को लेकर सरकार का वास्तविक रुख आखिर क्या है?’
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पहलगाम आतंकी हमले के जख्म अभी भरे भी नहीं हैं और पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को लेकर भारत की चिंताएं भी बरकरार हैं। ऐसे माहौल में नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यता संवाद मंच पर पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की मौजूदगी और उनके भाषण को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से प्रमुखता दिए जाने पर राजनीतिक सवाल उठने लगे हैं। आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को कठघरे में खड़ा करने वाली केंद्र सरकार आखिर किस संदेश के साथ पाकिस्तानी मंत्री के बयानों का सरकारी स्तर पर बखान कर रही है? विपक्ष इसी सवाल को लेकर सरकार को घेर रहा है।
भारत की मेजबानी में २० से २२ नवंबर तक दिल्ली के पुराना किला परिसर में आयोजित एससीओ सभ्यता संवाद मंच में सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पाकिस्तान की ओर से जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने पहुंचे। २१ नवंबर को संस्कृति मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में मलिक के भाषण और उनकी टिप्पणियों का विस्तार से उल्लेख किया गया। मंत्रालय ने उनके उस बयान को भी रेखांकित किया, जिसमें उन्होंने पुराने किला की ऐतिहासिक परतों, साझा विरासत और विभिन्न सभ्यताओं के संवाद की बात कही थी।
शहीदों के परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़क रही सरकार
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए सवाल किया कि आखिर पाकिस्तान को इस आयोजन में बुलाने की जरूरत ही क्या थी? उन्होंने कहा कि पाकिस्तान लगातार भारत में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है और दूसरी ओर मोदी सरकार उसके प्रतिनिधियों का स्वागत कर रही है।
आतंकवाद के सवाल पर भी द्विपक्षीय चर्चा से बचते रहे मलिक
दिल्ली पहुंचने के बाद पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक ने साफ कहा कि वे एससीओ के बहुपक्षीय मंच में हिस्सा लेने आए हैं और यहां द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही है। आतंकवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उन्होंने बातचीत को बहुपक्षीय संदर्भ में रखने की बात कही। उन्होंने आतंकवाद के आरोपों पर दोनों देशों की ओर से सबूत पेश करने और एक पारदर्शी व्यवस्था बनाने की दलील दी। यानी जिस आतंकवाद ने भारत को बार-बार चोट पहुंचाई है, उस पर पाकिस्तान के मंत्री ने सीधे जवाब देने के बजाय क्षेत्रीय संवाद और साझा तंत्र की बात की।
मलिक ने दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि अलग-अलग पहचान और परंपराओं के बीच संवाद जरूरी है। उन्होंने प्रतिनिधियों को पाकिस्तान के हड़प्पा और मोहनजोदड़ो आने का न्योता भी दिया। सवाल यह है कि सांस्कृतिक संवाद के नाम पर जारी इस सरकारी प्रशस्ति में पहलगाम हमले और सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत की चिंताओं को कितनी जगह मिली?
विपक्ष का सवाल है कि जब पाकिस्तान के साथ संबंध आतंकवाद के मुद्दे पर तनावपूर्ण हैं, तब केंद्र सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि सांस्कृतिक संवाद और आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति के बीच संतुलन वैâसे बनाया जा रहा है। पहलगाम हमले के बाद सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की बात कही थी। ऐसे में पाकिस्तानी मंत्री के भाषण को सरकारी विज्ञप्ति में इतनी प्रमुखता देने से जनता के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है।
आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी पाकिस्तानी मंत्री की भारत यात्रा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते। तिवारी ने मुसादिक मसूद मलिक की ओर से सिंधु जल संधि को लेकर पहले दी गई धमकी का हवाला देते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के समय इस्तेमाल की गई उनकी भाषा किसी मंत्री की नहीं, बल्कि आतंकवादियों जैसी थी। ऐसे व्यक्ति की भारत यात्रा और उसके साथ संवाद के सवाल पर सरकार को देश के सामने अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
‘ऑपरेशन सिंदूर चालू है तो दुश्मन को बुलाकर बिरयानी खिलाओगे?’
पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत दौरे को लेकर मोदी सरकार विपक्ष के निशाने पर है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए सवाल किया कि जब ऑपरेशन सिंदूर जारी है और पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है, तो फिर उसके मंत्री की मेहमाननवाजी क्यों की जा रही है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘अगर ऑपरेशन सिंदूर चालू है तो क्या दुश्मन को बुलाकर बिरयानी खिलाओगे? देश में क्या तमाशा देखने को मिल रहा है?’
