सामना संवाददाता / मुंबई
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार लोकतंत्र और संविधान की लगातार अवहेलना कर रही है। चुनाव आयोग को भी कठपुतली बनाकर रख दिया गया है। लोकतंत्र और संविधान ही खतरे में आ गए हैं। ऐसे में संविधान दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार, २६ नवंबर २०२६ को ठाणे में राज्यस्तरीय ‘संविधान बचाओ रैली’ का आयोजन किया गया है। इस रैली में महाराष्ट्र के प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कांग्रेस के अनुसार, भाजपा चुनाव आयोग की मदद से एसआईआर के माध्यम से संविधान द्वारा दिए गए मतदान के अधिकार को छीनने का काम कर रही है। वोट चोरी और चुनाव आयोग में व्याप्त भ्रष्टाचार के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जिम्मेदार हैं। वे भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं और देश में चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से नहीं हो रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में ‘अबकी बार, ४०० पार’ का नारा देकर संविधान बदलने की भाजपा की मंशा को जनता ने करारा जवाब दिया था। अब परिसीमन और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के माध्यम से संविधान, लोकतंत्र और संघीय व्यवस्था की बुनियाद पर प्रहार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
