-आरोपों से घिरे अधिकारी को ईएसआईएस का मेडिकल निदेशक पद देने पर सवाल
– निलंबन रद्द करने का हिसाब मांग रहीं नमिता मुंदडा, भाजपा-शिंदे गुट के बीच फिर बढ़ी तकरार
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की महायुति सरकार में सब कुछ ठीक होने के दावों के बीच अब भाजपा की ही विधायक ने सरकार के स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीड में कोविड राहत कार्यों के दौरान कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों में निलंबित किए गए डॉ. अशोक थोरात को बाद में निलंबन से राहत देकर महाराष्ट्र राज्य कर्मचारी बीमा सोसायटी (ईएसआईएस) का मेडिकल निदेशक नियुक्त किए जाने पर भाजपा विधायक नमिता मुंदडा ने आपत्ति जताई है। उन्होंने सवाल उठाया है कि जिन आरोपों के चलते अधिकारी पर कार्रवाई हुई थी, उनका क्या हुआ? जांच पूरी होने से पहले उन्हें इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वैâसे सौंप दी गई?
इस मुद्दे ने सत्ताधारी भाजपा और शिंदे गुट के बीच एक बार फिर खींचतान उजागर कर दी है। स्वास्थ्य विभाग शिवसेना के मंत्री प्रकाश आबिटकर के पास है, जबकि भाजपा विधायक मुंदडा ने इस मामले को भाजपा की ही राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर के सामने उठाया है। उन्होंने पत्र लिखकर पूरे मामले पर ध्यान देने और अधिकारी की नियुक्ति पर सवालों का जवाब मांगने की बात कही है। मुंदडा ने विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाया और थोरात के निलंबन की मांग की।
पहले निलंबन, फिर बहाली और अब अहम पद!
मामले के अनुसार, मार्च २०२५ में बीड जिले में कोविड महामारी के दौरान कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने विधानसभा में डॉ. थोरात के निलंबन की घोषणा की थी। लेकिन बाद में उनका निलंबन रद्द कर दिया गया और उन्हें ईएसआईएस में प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त कर दिया गया। अब वे संस्था के मेडिकल निदेशक हैं। इसी पैâसले पर मुंदडा ने सवाल उठाया है कि आखिर निलंबन वापस लेने का आधार क्या था और किस जांच या रिपोर्ट के आधार पर उन्हें यह पद दिया गया?
नासिक के ३.३७ करोड़ के मामले का भी जिक्र
मुंदडा ने सितंबर २०२५ और अगस्त २०२६ में मेघना बोर्डीकर को लिखे पत्रों में डॉ. थोरात से जुड़े कई मामलों का उल्लेख किया था। इनमें नासिक में कोविड के दौरान मॉड्यूलर आईसीयू की खरीद से जुड़ी कथित ३.३७ करोड़ रुपये की अनियमितता, बीड में दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित गड़बड़ी तथा बीड के केज में एक नाबालिग से जुड़े गर्भपात मामले का भी जिक्र है।
थोरात बोले-मुझे निशाना बनाया जा रहा है
दूसरी ओर, डॉ. थोरात ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अपने विभाग को पत्र लिखकर आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें अनुचित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है और वे किसी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी से जांच कराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आरोपों पर सार्वजनिक रूप से विस्तार से टिप्पणी करने से इनकार किया है।
