-महापौर के आदेशों को भी ठेंगा दिखा रहे मनपा अधिकारी
सुरेश गोलानी / मुंबई
शहर की प्रथम नागरिक यानी महापौर के आदेशों की भी मनपा प्रशासन में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसका जीता-जागता उदाहरण भायंदर (पूर्व) के नवघर रोड स्थित सरस्वती नगर का भारत रत्न ‘सचिन तेंदुलकर महानगरपालिका मैदान’ है, जो प्रशासनिक उपेक्षा के कारण अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। करीब तीन महीने पहले महापौर डिंपल मेहता द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों को संबंधित प्रभाग अधिकारी, उद्यान और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है। हाल ही जायजा लेने पहुंचीं महापौर मैदान की जस की तस स्थिति देखकर भड़क उठीं। उन्होंने दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि अगले तीन महीनों में सुधार कार्य पूरे नहीं हुए, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक सुस्ती का आलम यह है कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित है। मनपा द्वारा जारी नवंबर २०२६ के एक आधिकारिक नोटिस में स्वीकार किया गया है कि समीप ही चल रहे निजी भवन निर्माण कार्य की सामग्री और भारी मशीनरी अवैध रूप से मैदान में रखी गई है। नोटिस में विकासक को ३ दिनों में सामान हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन यह आदेश महज ‘कागजी घोड़ा’ बनकर रह गया है और आज भी सामान वहीं पड़ा है।
इस लापरवाही का सीधा खामियाजा खिलाड़ियों और बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। सुबह-शाम क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स के अभ्यास के लिए आने वाले खिलाड़ियों को जगह नहीं मिल पा रही है, वहीं बिखरी निर्माण सामग्री और निजी समारोहों के सामान से चोटिल होने का खतरा बना रहता है। स्विमिंग पूल योजना के तहत तोड़े गए सार्वजनिक शौचालय का प्रोजेक्ट रद्द होने के बाद भी पुनर्निर्माण नहीं हुआ, जिससे महिला खिलाड़ियों को भारी असुविधा हो रही है। इसके अलावा, सुरक्षाकर्मी न होने से मैदान अवैध पार्विंâग का अड्डा बन गया है। नागरिकों का कहना है कि जब महापौर के आदेशों पर ही अमल नहीं हो रहा, तो आम लोगों और खिलाड़ियों की सुनवाई कौन करेगा? अब देखना यह है कि महापौर की नई मोहलत के बाद अधिकारी हरकत में आते हैं या मैदान यूं ही बदहाल रहेगा।
