-खाद्य सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले छह प्रतिष्ठानों पर शिकंजा
जेदवी / मुंबई
मुंबई में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों की खुलेआम अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने सख्त कार्रवाई की है। ब्लिंकिट और चायोस समेत मुंबई के छह प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में खाद्य पदार्थों की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है।
रसोई में गंदगी, कॉकरोच और मक्खियों का आतंक!
एफडीए की जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंदगी, कॉकरोच और मक्खियों की मौजूदगी पाई गई। खाद्य सामग्री के अनुचित भंडारण से लेकर रसोई में इस्तेमाल होने वाले गंदे उपकरणों तक, स्वच्छता नियमों की कई स्तरों पर अनदेखी सामने आई। कुछ प्रतिष्ठानों में खुले कूडेदान, जंग लगे उपकरण और बंद नालियों में खाद्य अवशेष पाए गए। इन खामियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और ग्राहकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच में कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थों को अलग रखने के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। वहीं, शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप अलग-अलग रखने में लापरवाही बरती जा रही थी। खाद्य सुरक्षा मानकों की ऐसी अनदेखी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकती है।
इन छह प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
एफडीए की कार्रवाई के तहत बांद्रा-पश्चिम स्थित ५ स्पाइस, सांताक्रुज का ईव रेस्टोरेंट, चर्चगेट का चायोस, कोलाबा के ड्रोनेरिया सेलर्स और अन्नदाता वैâफे तथा फोर्ट स्थित ब्लिंकिट के केंद्र के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। वहीं, भिवंडी स्थित एक गोदाम में खाद्य पदार्थों की निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में छेड़छाड़ का मामला भी सामने आया है। प्रशासन ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ एफडीए की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
