मुख्यपृष्ठनए समाचार२६ हजार करोड़ का सपना...२०३० तक मुंबईकरों का इंतजार!

२६ हजार करोड़ का सपना…२०३० तक मुंबईकरों का इंतजार!

-नई एसी लोकल के लिए चार साल की मोहलत
-हादसों और धक्का-मुक्की से कब मिलेगी मुक्ति?

संदीप पांडेय / मुंबई

मुंबईकरों को एक बार फिर भविष्य के सुनहरे सपने दिखाए जा रहे हैं। लोकल रेलवे को आधुनिक बनाने के लिए २६ हजार करोड़ रुपए के मेगा प्लान के तहत २३८ नई एसी लोकल चलाने की तैयारी है। इन ट्रेनों में वंदे मेट्रो जैसी सुविधाएं होंगी, रफ्तार १३० किलोमीटर प्रति घंटे तक होगी और डिब्बों में सीसीटीवी से लेकर आधुनिक यात्री सुविधाएं मिलेंगी। लेकिन इस चमकदार तस्वीर के पीछे सबसे कड़वा सच यह है कि मुंबईकरों को इन ट्रेनों के लिए २०३० तक इंतजार करना पड़ सकता है। यानी अगले चार वर्षों तक लाखों यात्रियों को उसी भीड़, धक्कामुक्की और जानलेवा सफर के भरोसे छोड़ दिया जाएगा।
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल में हर दिन लाखों लोग काम पर जाने और घर लौटने के लिए जान हथेली पर रखकर सफर करते हैं। पीक आवर्स में डिब्बों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती। दरवाजों पर लटककर यात्रा करना, चढ़ने-उतरने के लिए यात्रियों के बीच संघर्ष और प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी रोजमर्रा की हकीकत बन चुकी है। ऐसे में रेलवे का २०३० तक नई लोकल उपलब्ध कराने का लक्ष्य यात्रियों के लिए तत्काल राहत नहीं, बल्कि लंबा इंतजार है।
योजना के तहत २३८ एसी ईएमयू रेक तैयार किए जाएंगे। चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ), कपूरथला की रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) और रायबरेली की मॉडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ) में इनका निर्माण प्रस्तावित है। शुरुआती तौर पर १२ डिब्बों वाली ट्रेनें बनाई जाएंगी, जिन्हें आगे चलकर २० डिब्बों तक बढ़ाया जा सकेगा।

अन्य समाचार