– मुंबई विश्वविद्यालय की कैंटीन बिना लाइसेंस
– प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
जेदवी / मुंबई
मुंबई विश्वविद्यालय के फोर्ट कैंपस स्थित कैंटीन में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। विद्यार्थियों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाने वाली कैंटीन ही नियमों के उल्लंघन में घिरी मिली। महाराष्ट्र राज्य के अन्न एवं औषधि प्रशासन ने २३ नवंबर २०२६ को जारी प्रेस नोट में कैंटीन के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी देते हुए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने का उल्लेख किया है। जांच के दौरान कैंटीन संचालक के पास अनिवार्य खाद्य लाइसेंस भी नहीं होने का खुलासा हुआ, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
शिकायतों के बावजूद प्रशासन क्यों बना रहा मौन?
मुंबई विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने को लेकर लंबे समय से विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, फोर्ट कैंपस, कालीना कैंपस, मादाम कामा महिला छात्रावास और जमनालाल बजाज प्रबंधन संस्थान की कैंटीनों की स्थिति से संबंधित तस्वीरें भी कई बार प्रशासन के सामने रखी गईं। इसके बावजूद शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।
एफडीए की कार्रवाई ने खोली व्यवस्था की पोल
एफडीए की कार्रवाई के बाद कैंटीनों की नियमित जांच, खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और लाइसेंस व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग तेज हो सकती है। विश्वविद्यालय प्रशासन को परिसर की सभी कैंटीनों की जांच कर खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को भोजन के नाम पर स्वास्थ्य जोखिम का सामना न करना पड़े।
