मुख्यपृष्ठसंपादकीयसंपादकीय : शेयर बाजार में गिरावट ‘असर' कहां गया?

संपादकीय : शेयर बाजार में गिरावट ‘असर’ कहां गया?

ऑस्ट्रेलिया की एक संस्था ने प्रधानमंत्री मोदी को दूसरे सबसे असरदार एशियाई नेता के रूप में चुना और उसी वक्त भारतीय शेयर बाजार जोरदार ढंग से गिर गया। मोदी दूसरे सबसे असरदार नेता हों, भारत एशिया की ‘प्रमुख शक्ति’ वगैरह बनता जा रहा हो, और ऐसे वक्त में भारतीय निवेशकों के लाखों करोड़ डूब जाएं, यह कोई अच्छी निशानी नहीं है। ऑस्ट्रेलिया के ‘लोवी इंस्टीट्यूट’ का ‘एशिया पावर इंडेक्स-२०२६’ सोमवार को जारी हुआ। उसके मुताबिक भारत का एशिया के तीसरे सबसे ताकतवर देश का मुकाम कायम रहा है और प्रधानमंत्री मोदी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे सबसे असरदार नेता बने हैं। अब ऑस्ट्रेलिया की वह संस्था जो ‘इंडेक्स’ दिखा रही है वह सही है या भारतीय शेयर बाजार में गिरा हुआ ‘सेंसेक्स’ सही है? अंधभक्तों को मोदी की जय-जयकार करने के लिए यह इंडेक्स काम आ भी जाए, लेकिन आम निवेशकों का क्या? भारत अगर वाकई एशिया की प्रमुख ताकत है, तो यह ताकत शेयर बाजार में सोमवार की गिरावट रोकने में नाकाम क्यों रही? सोमवार की गिरावट चार महीनों में सबसे बड़ी थी। सितंबर के महीने में भी ९ तारीख आम निवेशकों के लिए ‘ब्लैक वेडनसडे’ साबित हुई थी।
सेंसेक्स और निफ्टी
इन दोनों सूचकांकों ने तीन महीनों का निचला स्तर छुआ था। उस गिरावट में निवेशकों के चार लाख करोड़ रुपए डूबे थे। अब सोमवार की ‘सुनामी’ में निवेशकों के पांच लाख करोड़ बह गए। सितंबर के महीने में मोदी समेत उनकी सरकार ७.८ फीसदी जीडीपी का ढिंढोरा पीट रही थी और उसी वक्त निवेशक अपनी मेहनत के चार लाख करोड़ गवां रहे थे। अब भी ऐसा ही हुआ। भारत प्रमुख शक्ति आदि बनने की खबरें आईं और निवेशकों के पांच लाख करोड़ डूब गए। सब कहते हैं कि यह मुनाफाखोरी की लहर ने किया। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व बैंक की तरफ से ब्याज दरें बढ़ने का डर, रुपये की गिरावट और देश में बढ़ती महंगाई के चलते विदेशी निवेशकों पर बढ़ा दबाव जैसी वजहें भी हैं। ये तो हमेशा की ही बातें हैं। देसी-विदेशी घटनाओं पर शेयर बाजार का हिसाब-किताब निर्भर रहता है, यह सच होने के बावजूद मोदी सरकार जिस ‘गतिशील’ अर्थव्यवस्था का, जीडीपी में रिकॉर्ड बढ़ोतरी का शोर मचाती है, उसका असर इस गिरावट पर क्यों नहीं दिखता? शेयर बाजार में सितंबर की गिरावट अमेरिका के सरकारी बॉन्ड बाजार में आई बिकवाली की लहर की वजह से हुई थी, तो
सोमवार की गिरावट
मुनाफा वसूली की लहर के कारण हुई। इसलिए सेंसेक्स और निफ्टी, इन दोनों सूचकांकों में गिरावट आई और निवेशकों के लिए यह सोमवार ‘काला’ साबित हुआ। इसकी सबसे ज्यादा मार बैंकिंग सेक्टर पर पड़ी। मोदी सरकार आर्थिक तरक्की की डींगें तो जोरों से हांकती रहती है, लेकिन हर चार महीनों में शेयर बाजार में एक ‘ब्लैक डे’ उगने वाला हो, उसमें लाखों करोड़ों का सफाया होने वाला हो, तो यह तरक्की आखिर किसकी है? मोदी के राज में उनके उद्योगपति दोस्तों का निवेश अरबों में बढ़ रहा है। लेकिन आम निवेशकों के लाखों करोड़ रुपये हर तीन-चार महीनों में डूब रहे हैं। सितंबर में ‘ब्लैक वेडनसडे’ को चार लाख करोड़ डूबे। अब ‘ब्लैक मंडे’ को पांच लाख करोड़ का सफाया हो गया। ऑस्ट्रेलिया की एक संस्था का ‘इंडेक्स’ प्रधानमंत्री मोदी को एशिया का दूसरा सबसे ‘असरदार’ नेता ठहराता है, लेकिन यह असर सोमवार को गिरते हुए ‘सेंसेक्स’ को रोक नहीं सकता। मोदी के ‘अमेरिकी प्रवक्ता’ प्रेसिडेंट ट्रंप भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ करते हैं। इसके बावजूद भारतीय शेयर बाजार में फिर सबसे ज्यादा गिरावट आती है। मोदी का ‘असर’ कहां गया? ऐसा सवाल आम निवेशकों के मन में पैदा हुआ है।

अन्य समाचार