मुख्यपृष्ठनए समाचारपरीक्षा के रखवाले ही निकले पेपरलीक के खिलाड़ी?..एमपीएससी के अधिकारी ने ही...

परीक्षा के रखवाले ही निकले पेपरलीक के खिलाड़ी?..एमपीएससी के अधिकारी ने ही लीक किए ३०० सवाल!

-आयोग के लैपटॉप पर टाइप किए प्रश्न, पार्किंग में वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी गई प्रतियां
-तीन हजार पन्नों के आरोपपत्र में उठे गंभीर सवाल
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षा में पेपरलीक का ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस आयोग पर लाखों युवाओं के भविष्य की रक्षा करने की जिम्मेदारी है, उसी आयोग के अधिकारियों पर प्रश्नपत्र लीक करने की साजिश में शामिल होने के आरोप लगे हैं। यानी रखवाले पेपर लीक के असली मास्टर माइंड निकले। औषधि निरीक्षक भर्ती परीक्षा के पेपरलीक मामले में मुंबई अपराध शाखा द्वारा दाखिल आरोपपत्र ने आयोग के भीतर कथित मिलीभगत की परतें खोल दी हैं।
आरोपपत्र के अनुसार, आयोग में सहायक कक्ष अधिकारी विश्वेश्वर नाकते ने प्रश्न बैंक से करीब ३०० सवाल अपने लैपटॉप पर टाइप किए। इसके बाद उनकी प्रतियां निकालकर नई मुंबई स्थित आयोग कार्यालय की पार्किंग में अवर सचिव अभिजीत लेंडवे को सौंपी गईं। जांच में आरोप है कि इस कथित साजिश में वरिष्ठ अधिकारी का संरक्षण हासिल करने के उद्देश्य से उसे भी शामिल किया गया था।
मुंबई अपराध शाखा ने विशेष भ्रष्टाचार निरोधक न्यायालय में तीन हजार से अधिक पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया है। इसमें छह आरोपियों के नाम शामिल हैं। अब तक १३ लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि दो आरोपी फरार बताए गए हैं। दिसंबर में पूरक आरोपपत्र दाखिल होने की संभावना है। महायुति सरकार के कार्यकाल में युवाओं की मेहनत, वर्षों की तैयारी और भविष्य से जुड़े इस मामले ने भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

अन्य समाचार