सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में वरिष्ठ नेता शरद पवार की राजनीतिक सेवानिवृत्ति होने की खबरों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इन खबरों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद सुप्रिया सुले ने तीव्र नाराजगी जताते हुए इसे बेहद शर्मनाक और आक्रोशजनक बताया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शरद पवार राजनीति से संन्यास नहीं लेने वाले हैं। किसे राजनीति से सेवानिवृत्त होना चाहिए, इसका फैसला जनता करेगी।
सुप्रिया सुले ने सवाल उठाया कि जब शरद पवार का राज्यसभा का कार्यकाल अभी पांच वर्ष बाकी है, तो उनकी सेवानिवृत्ति की खबरें क्यों फैलाई जा रही हैं? दरअसल, एक समाचार में दावा किया गया था कि शरद पवार के १२ दिसंबर को ८६ वर्ष के होने से पहले उनके राजनीतिक भविष्य और पार्टी के संभावित गठबंधन को लेकर भीतरखाने चर्चा चल रही है। इस पूरे घटनाक्रम पर शिवसेना ने भी कड़ा हमला बोला। शरद पवार का पूरा राजनीतिक जीवन फुले, शाहू और आंबेडकर के विचारों तथा सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष में बीता है। सत्ता की लालसा में इन विचारों को छोड़ना उचित नहीं होगा। पार्टी तोड़ने वालों द्वारा अब शरद पवार को आराम करने की सलाह देना शर्मनाक है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बीमारी के दौरान शरद पवार को आराम करने की सलाह देने वाले कथित बयान के बाद भी उनकी राजनीतिक विदाई को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं।
