-चार मनोनीत संचालकों का बचाव करने के लिए वरिष्ठ वकील पर मेहरबान हुई महायुति सरकार
-मुकुल रोहतगी को ८० लाख रुपये मानधन मंजूर, सतेज पाटील ने पूछा- किसानों के संकट के बीच सरकारी पैसे की यह कैसी प्राथमिकता?
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में महायुति सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कोल्हापुर के गोकुल दूध फेडरेशन में सत्ता की लड़ाई लड़ने के लिए सरकार ने वरिष्ठ वकील और देश के पूर्व महान्यायवादी मुकुल रोहतगी को ८० लाख रुपये का मानधन मंजूर किया है। सरकार के इस पैâसले पर कांग्रेस नेता और विधान परिषद में विपक्ष के प्रमुख चेहरे सतेज पाटील ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया है कि एक तरफ राज्य के किसान सूखे और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, विकास कार्यों के लिए धन की कमी बताई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ गोकुल के चार सरकार नियुक्त संचालकों के बचाव के लिए सरकारी खजाने से ८० लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
दरअसल, गोकुल दूध संघ के चुनाव में सतेज पाटील के नेतृत्व वाले समविचारी पैनल ने २५ में से १३ सीटें जीती थीं, जबकि महायुति के पैनल को १२ सीटें मिली थीं। अध्यक्ष पद के चुनाव में आवश्यक संख्या को लेकर पेच फंसने के बाद राज्य सरकार ने चार मनोनीत संचालकों को मतदान का अधिकार देने वाला अध्यादेश जारी किया। सरकार के इस फैसले को सतेज पाटील गुट ने अदालत में चुनौती दी। इसी मामले में सरकार की तरफ से मुकुल रोहतगी ने ९ नवंबर को उच्च न्यायालय में पैरवी की थी।
अब सहकारिता विभाग के सरकारी आदेश के जरिए रोहतगी का ८० लाख रुपये का बिल मंजूर किए जाने से विवाद और गहरा गया है। आदेश के मुताबिक, १० प्रतिशत टीडीएस काटकर ७२ लाख रुपये उनके खाते में भेजे जाने हैं। इस खर्च को लेकर सतेज पाटील ने सरकार की मंशा और प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं।
