-पालकमंत्री की बैठकें बंद, अधिकारियों की निगरानी गायब! कुंभ कार्यों की किसे है फिक्र?
सुनील ओसवाल / नासिक
सिंहस्थ कुंभमेले के मद्देनजर नासिक और त्र्यंबकेश्वर में ध्वजारोहण समारोह से पहले विकास कार्यों को जिस तेजी से पूरा किया जा रहा था, वह तेजी अब अचानक गायब होती नजर आ रही है। ध्वजारोहण समारोह के बाद कुंभमेले से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। शहरभर की सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, लेकिन अब इन कार्यों को गति देने के लिए न तो ठेकेदार सक्रिय दिखाई दे रहे हैं और न ही संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर नजर आ रहे हैं।
ध्वजारोहण समारोह को देखते हुए कुंभ मेला प्राधिकरण, सार्वजनिक निर्माण विभाग और महानगरपालिका के माध्यम से विभिन्न कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे थे। प्रतिदिन बैठकों और समीक्षा के जरिए कामकाज की निगरानी की जा रही थी। पालकमंत्री गिरीश महाजन भी लगातार बैठकें लेकर अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। समारोह को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रही थी, लेकिन समारोह संपन्न होते ही मानो इस पूरी व्यवस्था की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। आज शहर की अनेक सड़कों पर खुदाई के कारण नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं सड़कें अधूरी हैं, कहीं निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी है, तो कहीं यातायात प्रभावित हो रहा है। ऐसे में आम नागरिकों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर इन कार्यों को पूरा करने की समयसीमा क्या है? ठेकेदारों की जवाबदेही कौन तय करेगा और काम की गुणवत्ता पर निगरानी कौन रख रहा है? समारोह से पहले जिस तरह प्रतिदिन समीक्षा बैठकें होती थीं, अधिकारियों से जवाब मांगा जाता था और काम की प्रगति पर नजर रखी जाती थी, वह सिलसिला अब दिखाई नहीं दे रहा है।
