-अतरौलिया पर संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर आमने-सामने; बेटे को चुनाव लड़ाने पर अड़े राजभर
-निषाद ने भी ठोका दावा; २०२७ से पहले एनडीए में कुर्सी और हिस्सेदारी की जंग
सामना संवाददाता / लखनऊ
उत्तर प्रदेश में २०२७ के विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले ही भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में सीटों को लेकर महाभारत छिड़ गई है। विपक्षी एकता पर सवाल उठाने वाले भाजपा के सहयोगी दल अब खुद एक-दूसरे की सीट पर दावा ठोक रहे हैं। योगी सरकार के दो मंत्री और सहयोगी दलों के प्रमुख संजय निषाद तथा ओम प्रकाश राजभर एक ही विधानसभा सीट को लेकर आमने-सामने आ गए हैं। आजमगढ़ की अतरौलिया सीट पर दोनों की दावेदारी ने भाजपा के गठबंधन प्रबंधन की परीक्षा शुरू कर दी है। सवाल यह है कि अभी से सहयोगियों में सीटों के लिए ऐसी खींचतान है तो चुनाव के वक्त भाजपा सबको एक साथ कैसे रखेगी?
दरअसल, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद आजमगढ़ जिले की चार विधानसभा सीटों पर अपनी पार्टी का दावा जता रहे हैं। इनमें अतरौलिया सीट भी शामिल है। दूसरी तरफ सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर इस सीट से अपने बेटे अरुण राजभर को चुनाव लड़ाने की तैयारी में हैं। राजभर का कहना है कि उनकी पार्टी पिछले ढाई साल से अतरौलिया में संगठन मजबूत करने और चुनावी जमीन तैयार करने में जुटी है। ऐसे में इस सीट पर उनका दावा स्वाभाविक है।
राजभर ने संजय निषाद की दावेदारी पर सवाल उठाते हुए साफ कर दिया कि सीटों का बंटवारा कोई सहयोगी दल अपनी मर्जी से नहीं कर सकता। इसका फैसला भाजपा का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भी उल्लेख किया। उनके इस बयान को संजय निषाद की दावेदारी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
चौरीचौरा पर भी नजर, सहयोगियों की महत्वाकांक्षा से भाजपा परेशान!
सीटों की यह खींचतान केवल अतरौलिया तक सीमित नहीं है। गोरखपुर की चौरीचौरा सीट को लेकर भी दोनों दलों की दावेदारी चर्चा में है। पूर्वांचल की राजनीति में अपने-अपने सामाजिक आधार को मजबूत करने में जुटे दोनों नेता अधिक सीटें हासिल करना चाहते हैं। ऐसे में भाजपा के सामने सहयोगियों की महत्वाकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है।
२२ हजार वोटों से हार का हवाला, राजभर ने निषाद को घेरा!
अतरौलिया सीट पर अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए राजभर ने २०२२ के विधानसभा चुनाव का हिसाब भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि पिछली बार इस सीट पर निषाद पार्टी का उम्मीदवार करीब २२ हजार वोटों से चुनाव हार गया था। इसके उलट उनकी पार्टी पिछले ढाई वर्षों से क्षेत्र में काम कर रही है। यानी राजभर अब केवल सीट मांग नहीं रहे, बल्कि पुराने चुनावी नतीजों के आधार पर निषाद पार्टी के दावे को भी चुनौती दे रहे हैं। दूसरी तरफ संजय निषाद का तर्क है कि २०२२ में जिन सीटों पर उनकी पार्टी ने चुनाव लड़ा था, उन पर उनका दावा स्वाभाविक है। ऐसे में अतरौलिया को लेकर दोनों सहयोगियों के बीच सहमति बनना आसान नहीं दिख रहा है।
विपक्ष को गठबंधन का पाठ, अपने घर में ही सीटों पर घमासान!
राजनीतिक विडंबना देखिए कि भाजपा और उसके सहयोगी दल विपक्षी गठबंधन में मतभेदों को लेकर लगातार हमले करते हैं, लेकिन एनडीए में सीटों की दावेदारी को लेकर अभी से विवाद सामने आने लगा है। संजय निषाद और राजभर दोनों सरकार में मंत्री हैं, लेकिन चुनावी हिस्सेदारी के सवाल पर एक-दूसरे के सामने खड़े हैं।
