-विधायकों के इस्तीफे की आड़ में सरकारें गिराने पर रोक लगाने की मांग
-केंद्र और चुनाव आयोग को नोटिस
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
सत्ता का समीकरण बदलने के लिए दल-बदल और विधायकों के इस्तीफे के इस्तेमाल का मुद्दा एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। जनादेश लेकर चुनाव जीतने वाले जनप्रतिनिधियों के राजनीतिक पाला बदलने और अयोग्यता की कार्रवाई से बचने के लिए रणनीतिक रूप से इस्तीफा देने के आरोपों पर शीर्ष अदालत ने गंभीर सवालों के जवाब मांगे हैं। सोमवार, २३ नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने दल-बदल कानून में व्यापक सुधार की मांग वाली जनहित याचिका पर केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और विधि आयोग को नोटिस जारी किया। अदालत ने कानून एवं न्याय मंत्रालय तथा संसदीय कार्य मंत्रालय से भी जवाब मांगा है।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के समक्ष ए. सेतु की ओर से यह याचिका दाखिल की गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि कई बार सांसद और विधायक दल-बदल से जुड़ी अयोग्यता की कार्रवाई शुरू होने या इसकी आशंका के बीच इस्तीफा दे देते हैं।
इससे संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत होने वाली कार्रवाई प्रभावित होती है और राजनीतिक समीकरण बदलने का रास्ता खुल जाता है। याचिका में मांग की गई है कि किसी जनप्रतिनिधि के इस्तीफा देने मात्र से उसके खिलाफ लंबित अयोग्यता की कार्यवाही समाप्त नहीं होनी चाहिए। याचिकाकर्ता ने यह भी मांग की है कि इस्तीफे की स्वेच्छा और वास्तविकता की निष्पक्ष जांच हो तथा विधानसभा अध्यक्ष या सभापति अयोग्यता संबंधी मामलों पर कारण सहित और समयबद्ध फैसला दें। इसके लिए तीन महीने की समयसीमा तय करने और विधानसभा अध्यक्ष की मौजूदा निर्णायक भूमिका की संस्थागत समीक्षा करने का सुझाव भी दिया गया है। यहां तक कि अयोग्यता के मामलों की सुनवाई के लिए स्वतंत्र और स्थायी न्यायाधिकरण बनाने की संभावना पर विचार करने की मांग की गई है।
सदन के बाहर नहीं, विधानसभा में तय हो सरकार का बहुमत!
याचिका में त्रिशंकु विधानसभा में सरकार गठन को लेकर भी महत्वपूर्ण सवाल उठाया गया है। मांग की गई है कि बहुमत का पैâसला केवल विधिवत गठित विधानसभा के पटल पर हो और निर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद ही शक्ति परीक्षण कराया जाए। सदन के बाहर समर्थन पत्रों या राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के आधार पर बहुमत तय करने पर रोक लगाने की मांग भी की गई है। याचिका में इस्तीफा देने वाले ऐसे जनप्रतिनिधियों को अयोग्यता का मामला निपटने तक मंत्री पद या अन्य लाभ के राजनीतिक पद देने पर रोक लगाने का मुद्दा भी उठाया गया है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने केवल संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है। याचिका के आरोपों और मांगों पर अदालत ने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है।
