-एमआईडीसी में बदहाल सड़कें, ट्रैफिक जाम से उद्योगपति-कर्मचारी परेशान
-चाकण-हिंजवडी में बुनियादी सुविधाओं पर आदित्य ठाकरे का मुख्यमंत्री को स्मरणपत्र
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास के प्रमुख केंद्र चाकण औद्योगिक क्षेत्र और हिंजवडी सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली अब उद्योगों और कर्मचारियों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। सड़कों पर गड्ढे, घंटों का यातायात जाम, अपर्याप्त यातायात पुलिस, पानी की समस्या, कचरा प्रबंधन की अव्यवस्था और बिजली की अनियमित आपूर्ति के चलते इन दोनों क्षेत्रों से उद्योग पलायन कर रहे हैं। शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने इन समस्याओं को लेकर महायुति सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक बार फिर पत्र लिखकर सरकार का ध्यान खींचा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया है कि उद्योगों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाए और मुख्यमंत्री स्वयं हर महीने प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करें।
आदित्य ठाकरे ने पत्र में बताया कि चाकण और हिंजवडी के नागरिक, उद्योगपति तथा वहां काम करने वाले कर्मचारी लंबे समय से इन समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें और मांगें कर रहे हैं। चाकण और हिंजवडी में गड्ढामुक्त सड़कों तथा अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तत्काल आवश्यकता है। हिंजवडी के निवासियों को नियमित जलापूर्ति उपलब्ध कराने के लिए एसटीपी प्लांट स्थापित करने की मांग भी उठाई गई है। इसके साथ ही ठोस कचरा प्रबंधन और चाकण औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की समस्याओं का स्थायी समाधान जरूरी बताया गया है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि राज्य के अनेक औद्योगिक क्षेत्रों में इसी तरह की समस्याएं मौजूद हैं। चाकण और हिंजवडी महाराष्ट्र के पारंपरिक विकास केंद्र रहे हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं में लगातार गिरावट से राज्य की औद्योगिक प्रतिष्ठा और निवेश की छवि प्रभावित हो रही है।
