राजेश सरकार / प्रयागराज
माघ मेला २०२६-२७ को कुंभ की तर्ज पर अलौकिक बनाने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हैं। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) के मेला क्षेत्र में भूमि पूजन और शिलान्यास किए जाने के बाद अब विद्युत विभाग पूरी तरह काम में जुटने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, विद्युत विभाग ने १० फीसदी पोल खड़े कर दिए हैं। मेले की समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए विद्युतीकरण कार्य में तेजी दिखाते हुए अब तक लगभग १० प्रतिशत बिजली के खंभे (पोल) खड़े किए जा चुके हैं। इस बार का माघ मेला पिछले मेलों की तुलना में काफी अलग और विशाल होगा। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए मेला क्षेत्र का विस्तार किया गया है और एक नया सेक्टर (सेक्टर-७) बढ़ाया गया है।
सूत्रों ने बताया कि विभाग की ओर से मेला क्षेत्र को रोशन करने के लिए स्ट्रीट लाइटों और अन्य प्रकाश व्यवस्थाओं में भारी बढ़ोतरी है। इसके लिए २४ घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के लिए विभाग के चीफ इंजीनियर, एसई और एक्सईएन स्तर के सभी आला अधिकारी मिनट-टू-मिनट निगरानी कर रहे हैं। ठेकेदारों और विभागीय कर्मचारियों की टीमें काम में जुटी हुई हैं।
