मुख्यपृष्ठनए समाचारटीएमयू का सेहत महकमे के संग...छह बरस तक के बच्चों की श्रवण...

टीएमयू का सेहत महकमे के संग…छह बरस तक के बच्चों की श्रवण जांच को एमओयू

सामना संवाददाता / मुरादाबाद

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद ने बच्चों में श्रवण बाधिता की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इस उद्देश्य के लिए तीर्थंकर महावीर मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुरादाबाद- स्वास्थ्य विभाग के बीच एमओयू हुआ है। एमओयू पर टीएमयू की ओर से निदेशक प्रशासन श्री अभिषेक कपूर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मंडल की आयुक्त श्रीमती संगीता सिंह, टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन, जीवीसी मनीष जैन के संग-संग वीसी प्रो. वीके जैन आदि की भी गरिमामयी मौजूदगी रही। उल्लेखनीय है कि मुरादाबाद के जिलाधिकारी श्री अनुनय झा के अनुमोदन के बाद इस एमओयू को अंतिम रूप दिया गया। इस एमओयू के तहत 0 से 6 वर्ष तक के श्रवण बाधित बच्चों को बीईआरए और ओएई सरीखी आधुनिक श्रवण जांच सुविधाएं न्यूनतम दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला संयुक्त चिकित्सालय एवम् राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम- आरबीएसके से रेफर किए गए पात्र बच्चों को टीएमयू के मेडिकल कॉलेज में ईएनटी एवम् ऑडियोलॉजी परामर्श, आवश्यक जांच, जांच रिपोर्ट और जरूरत पड़ने पर पुनः जांच की सुविधा भी मिलेगी।
टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन एवम् मंडलायुक्त संगीता सिंह ने इस एमओयू के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस समझौते का प्रमुख उद्देश्य छोटे बच्चों में श्रवण संबंधी समस्याओं की शुरुआती अवस्था में पहचान करना और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। आधुनिक जांच सुविधाओं और विशेषज्ञ परामर्श के माध्यम से श्रवण बाधिता से प्रभावित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। यह पहल बच्चों के समुचित शारीरिक, मानसिक एवम् भाषायी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। समय रहते श्रवण समस्या की पहचान और उपचार से बच्चों को शिक्षा, संवाद और सामाजिक जीवन में बेहतर अवसर मिल सकेंगे। टीएमयू और स्वास्थ्य विभाग का यह संयुक्त प्रयास बाल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ ही श्रवण बाधिता से प्रभावित बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक सार्थक कदम है।

अन्य समाचार