हिमांशु राज
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से ताल्लुक रखने वाले जय विजय सचान मिमिक्री की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। देश के जाने-माने मिमिक्री आर्टिस्ट जय विजय सचान से “हिमांशु राज” ने कई विषयों पर विस्तृत वार्ता की। प्रस्तुत है उस साक्षात्कार का अंश:
प्रश्न: मिमिक्री की शुरुआत कैसे हुई? बचपन में क्या कोई ऐसा किस्सा है, जो याद रह गया?
जय विजय सचान: मैं बचपन से ही आवाजों की मिमिक्री करता आ रहा हूं। एक बार कुत्तों को भौंकते देखकर मैंने उनकी आवाज निकालनी शुरू की। इस बात पर पिताजी से मुझे बहुत मार पड़ी थी। तब मैं पांचवीं-छठी कक्षा में था और तभी से यह सिलसिला चल रहा है।
प्रश्न: किसी की मिमिक्री करने से पहले आप किन बातों पर ध्यान देते हैं?
जय विजय सचान: इस कला में बहुत बारीकी से देखना पड़ता है। किसी को नजदीक से देखना पड़ता है-उनके फेस एक्सप्रेशन कैसे होते हैं, वे कहां पॉज लेते हैं, उनकी डिलीवरी कैसे होती है। किसी की नकल करने से पहले मेरा हमेशा प्रयास रहता है कि उसे सम्मानजनक तरीके से किया जाए।
प्रश्न: आपके लिए सबसे मुश्किल मिमिक्री किसकी है?
जय विजय सचान: जिस चीज के लिए लोग सबसे ज्यादा डिमांड करते हैं, वही मेरे लिए सबसे कठिन होती है-शाहरुख खान की आवाज निकालना या उनकी मिमिक्री करना। उसमें मेरे शरीर की बहुत एनर्जी लगती है और मैं ड्रेन हो जाता हूं। शाहरुख खान को करना हमेशा बहुत मुश्किल रहता है। लोगों को लगता है कि यह मेरे लिए बहुत आसान है, क्योंकि मैं उनकी मिमिक्री करता रहता हूं।
प्रश्न: शाहरुख खान से मिलने का अनुभव कैसा रहा?
जय विजय सचान: शाहरुख खान से मिलना मुझे यह कहने में अजीब लगता है, लेकिन मुझे लगता है कि मैं अपने भगवान से मिल रहा था। उनसे मिलने से पहले मैंने ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ जैसे शो में हिस्सा लिया था और फाइनलिस्ट था। बहुत लोगों को लगता था कि मेरी जिंदगी बहुत बढ़िया हो गई है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं था। फिर भी मुझे पूरा यकीन था कि मैं एक दिन शाहरुख खान से मिलूंगा।
एक कार्यक्रम में मुझे दर्शन के लिए बुलाया गया, जहां मुझे उनसे मिलने का मौका मिला। मैं उनसे मिलकर कुछ बोल ही नहीं पाया। शाहरुख खान ने खुद मुझे बुलाया और पूछा, “आपका क्या नाम है?” मैंने बताया कि जय विजय सचान। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं बहुत कमाल का हूं और मेरी बहुत तारीफ की। वह अनुभव मैं शब्दों में बयान नहीं कर सकता; शब्द कम पड़ जाएंगे। शायद वह मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण समय था। उनसे मिलने के बाद मेरी जिंदगी एकदम बदल गई। आप कह सकते हैं कि मैं अपनी ड्रीम लाइफ जी रहा हूं।
प्रश्न: ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ में फाइनलिस्ट होने के बाद संघर्ष कैसा रहा?
जय विजय सचान: फाइनलिस्ट होने के बाद लोगों को लगता है कि जिंदगी बदल जाएगी, लेकिन मेरी जिंदगी में ऐसा कुछ नहीं बदला। इससे पहले मैंने रेडियो और न्यूज चैनल में काम किया था, लेकिन मैं ग्रूम्ड नहीं था। मुझे लगता था कि मैं काफी कुछ जानता हूं, लेकिन जब मुंबई जैसे समुद्र में पहुंचा, तो लगा कि मुझे कुछ नहीं आता और बहुत कुछ सीखना है।
2014 में मुझे शो नहीं मिल रहे थे, इसलिए मैं वापस दिल्ली चला गया। तीन-चार महीने में एक शो मिल जाता था और वॉइस ओवर का काम भी मिल जाता था। एक बार हैदराबाद में शो करने गया, तो मेरे पैसे चोरी हो गए। मेरे दोस्त ने पैसा दिया, तब मैं मुंबई आया। फिर मैंने अपने पर ध्यान देना शुरू किया, अपना लुक बदला, तरीका बदला और धीरे-धीरे चीजें ट्रैक पर आने लगीं। काम और शो मिलने लगे।
प्रश्न: मिमिक्री को आप किस तरह की कला मानते हैं?
जय विजय सचान: मिमिक्री बहुत वर्साटाइल आर्ट है। मैंने इसे एक सोशल मैसेज की तरह स्वीकार किया है और मेरी कोशिश रहती है कि इसे उसी तरह डिलीवर करूं। यह इतनी गहरी और बहुमुखी कला है कि इसमें एक महीन रेखा होती है। उस रेखा पर बहुत संभलकर चलना पड़ता है, ताकि कलाकार का सम्मान भी बना रहे और आपके संवाद और एक्ट के जरिए आपकी बात भी लोगों तक पहुंच जाए।
मिमिक्री ऐसी कला व कैरीकेचर है जिसमें आप अभिनय करते हैं। लोग सालों-साल एक्टिंग सीखते हैं, लेकिन सीख नहीं पाते। अगर आप किसी बड़े कलाकार के डायलॉग को सही तरीके से कैप्चर और डिलीवर करते हैं, तो आप उनके इमोशंस को भी कैप्चर करने लगते हैं। आज तक ऐसा नहीं हुआ कि मेरी मिमिक्री के बाद किसी का दिल दुखा हो या किसी ने कुछ कहा हो। पीयूष मिश्रा, पंकज त्रिपाठी और नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने खुद मेरी हौसला अफजाई की है। काजोल के सामने मैंने अजय देवगन की मिमिक्री की थी, उन्होंने काफी तारीफ की और मुझे खूब तालियां भी मिलीं। मेरी कला की वजह से किसी का दिल दुखे, ऐसा मैं कभी नहीं होने दूंगा।
प्रश्न: आपके आदर्श कौन हैं?
जय विजय सचान: पाकिस्तान के मोइन अख्तर से मैं बहुत इंस्पायर रहा हूं। सुनील ग्रोवर साहब और जॉनी लीवर भी मेरे आदर्श रहे हैं। इन सबको देखकर ही मैंने इस विधा में खुद को विकसित किया है। मैं बचपन से इन्हें देखता आ रहा हूं।
प्रश्न: शुरुआती दौर में रिजेक्शन का सामना कैसे किया?
जय विजय सचान: मैंने ‘लाफ्टर चैलेंज’ के बहुत सारे ऑडिशन दिए थे। लोग कहते थे कि तुम्हारे जैसे लाखों पड़े हैं। शुरुआती दौर में मुझे बहुत रिजेक्शन झेलना पड़ा। रिजेक्शन ऐसी चीज है जो अंदर से आपको तोड़ देती है। बहुत लोग खत्म हो जाते हैं, लेकिन बहुत लोग उसे अपनी ताकत बना लेते हैं। मैंने इसे अपनी ताकत बनाया।
प्रश्न: इस क्षेत्र में आने की सोच रहे नए कलाकारों को आप क्या सलाह देंगे?
जय विजय सचान: अगर आपके पास जॉब है, पैसे का एक साधन है या जमीन है, तो आप इस विधा में मुंबई आकर संघर्ष कर सकते हैं और आपको सफलता जरूर मिलेगी। लेकिन बिना आर्थिक सहारे और बिना जमीन के इस क्षेत्र में संघर्ष करना उचित नहीं है। आज सोशल मीडिया मंच के रूप में हमारे सामने है; अगर आपके पास कला है, तो आप उसका प्रदर्शन और अभिव्यक्ति कर सकते हैं। प्रैक्टिस और रियाज ही सफलता की कुंजी है, चाहे कोई कुछ भी कहे। अगर आपको बाजार में बने रहना है, तो रियाज करना ही होगा।
प्रश्न: आजकल किन प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं?
जय विजय सचान: आजकल मैं अमिताभ अग्निहोत्री जी की मिमिक्री करने की कोशिश कर रहा हूं। वे देश के जाने-माने पत्रकार हैं। उनका फोन भी आया था और उन्होंने मुझे काफी आशीर्वाद दिया। मेरा मानना है कि काम ऐसा करें जिससे किसी का दिल न दुखे और किसी को खराब न लगे। एक कलाकार के रूप में मिमिक्री की यही सच्ची उपलब्धि है।
