मुख्यपृष्ठस्तंभआईबीएम ने ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद की...हिंदुस्थानी आईटी प्रोफेशनल्स का क्या होगा?

आईबीएम ने ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद की…हिंदुस्थानी आईटी प्रोफेशनल्स का क्या होगा?

अमेरिकी टेक कंपनी आईबीएम ने अपनी आईबीएम कंसल्टिंग डिवीजन के कर्मचारियों के लिए अमेरिका में ग्रीन कार्ड और वीजा स्पॉन्सरशिप बंद करने का बड़ा फैसला लिया है। कंपनी के इस कदम से अमेरिका में कार्यरत हजारों विदेशी कर्मचारियों, विशेषकर हिंदुस्थानी आईटी प्रोफेशनल्स के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
कंपनी का सख्त आदेश
आईबीएम ने अपने कंसल्टिंग विभाग में काम कर रहे एच-१बी और अन्य वर्क वीजा धारकों को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है। कंपनी के निर्देशानुसार, प्रभावित कर्मचारियों के पास केवल दो विकल्प हैं। या तो वे ३१ दिसंबर तक अमेरिका छोड़कर किसी अन्य देश (जैसे हिंदुस्थान या किसी अन्य वैश्विक कार्यालय) में स्थानांतरित हो जाएं या फिर अपनी नौकरी छोड़ दें। कंपनी ने साफ कर दिया है कि वह अब इन पदों के लिए स्थायी निवास (ग्रीन कार्ड) की प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाएगी।
हिंदुस्थानी पेशेवरों पर सीधा असर
अमेरिका के टेक और कंसल्टिंग सेक्टर में काम करने वाले एच-१बी वीजा धारकों में हिंदुस्थानी आईटी प्रोफेशनल्स की बड़ी संख्या है। ग्रीन कार्ड की लंबी प्रतीक्षा सूची के कारण भारतीय कर्मचारी दशकों तक एच-१बी वीजा के सहारे अमेरिका में रहते हैं। आईबीएम के इस पैâसले से उन हिंदुस्थानी परिवारों को सबसे अधिक परेशानी हो सकती है, जिन्होंने वर्षों से अमेरिका में अपना जीवन बसा रखा है, घर खरीदे हैं और जिनके बच्चे वहां के स्कूलों में पढ़ रहे हैं। ३१ दिसंबर की समय-सीमा इतनी कम है कि इतने कम समय में दूसरी कंपनी में वीजा ट्रांसफर कराना या पूरा घर समेटकर वापस लौटना बेहद चुनौतीपूर्ण होगा।
फैसले के पीछे की वजह
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम लागत में कटौती, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव और अमेरिकी आव्रजन नियमों की बढ़ती जटिलताओं के कारण उठाया गया है। आईबीएम का यह निर्णय अन्य टेक कंपनियों के लिए भी मिसाल बन सकता है, जिससे प्रवासी हिंदुस्थानी आईटी प्रोफेशनल्स की चिंता और बढ़ सकती है।

अन्य समाचार