मुख्यपृष्ठस्तंभसाहित्य शलाका : आज साहित्य में किस तरह की पुस्तकों की आवश्यकता...

साहित्य शलाका : आज साहित्य में किस तरह की पुस्तकों की आवश्यकता है?

-प्रो. दयानंद तिवारी

पुस्तक केवल शब्दों का संकलन नहीं होती; वह अपने समय की चेतना, समाज की दिशा और आने वाली पीढ़ियों के चरित्र की निर्मात्री होती है। इसलिए यह प्रश्न अत्यंत महत्वपूर्ण है कि आज किस प्रकार की पुस्तकें लिखी जानी चाहिए। क्या साहित्य उन्हीं पुराने कथानकों, घिसे-पिटे विमर्शों और निराशा से भरे वर्णनों को दोहराता रहे, अथवा वह बदलते भारत की आकांक्षाओं, चुनौतियों और संभावनाओं को स्वर दे? आज आवश्यकता ऐसे साहित्य की है, जो केवल समस्याओं का चित्रण न करे, बल्कि समाधान की दिशा भी दिखाए।
हिंदी और मराठी साहित्य की परंपरा अत्यंत समृद्ध रही है। हिंदी में कबीर, तुलसी, प्रेमचंद, महादेवी वर्मा और रामधारी सिंह ‘दिनकर’ ने अपने-अपने युग के प्रश्नों से संवाद किया। मराठी साहित्य में संत ज्ञानेश्वर, संत तुकाराम, लोकहितवादी, महात्मा ज्योतिबा फुले, विष्णु सखाराम खांडेकर और पु. ल. देशपांडे जैसे रचनाकारों ने समाज को आत्मचिंतन की दृष्टि दी। इन विभूतियों की महानता केवल इसलिए नहीं है कि उन्होंने सुंदर भाषा में लिखा, बल्कि इसलिए भी है कि उनका साहित्य अपने समय की आवश्यकता से जुड़ा था। आज के रचनाकार को भी परंपरा की नकल नहीं, उसकी सृजनात्मक चेतना ग्रहण करनी होगी।
वर्तमान पीढ़ी डिजिटल संसार में जी रही है। उसके हाथ में मोबाइल है, सामने सूचनाओं का अथाह समुद्र है, किंतु सही दिशा का अभाव भी है। वह करियर, प्रतिस्पर्धा, मानसिक दबाव, बेरोजगारी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, बदलते पारिवारिक संबंधों और सांस्कृतिक पहचान जैसे अनेक प्रश्नों से जूझ रही है। साहित्य यदि इन प्रश्नों को स्पर्श नहीं करता, तो वह नई पीढ़ी से अपना संबंध खो देगा। आज ऐसी कहानियां और उपन्यास लिखे जाने चाहिए, जिनमें युवा अपने संघर्ष, भ्रम, परिश्रम और संभावनाओं का प्रतिबिंब देख सके।
नए साहित्य का पहला लक्ष्य चरित्र निर्माण होना चाहिए। चरित्र निर्माण का अर्थ केवल उपदेश देना नहीं है। उपदेशात्मक साहित्य प्राय: पाठक को बांध नहीं पाता। लेखक को ऐसे जीवंत पात्र रचने होंगे, जो कठिन परिस्थितियों में ईमानदारी, साहस, अनुशासन, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दें। कहानी के भीतर से जीवन-मूल्य प्रकट हों, ऊपर से आरोपित न किए जाएं। पाठक पात्रों की यात्रा के माध्यम से स्वयं यह अनुभव करे कि सत्यनिष्ठा और परिश्रम केवल आदर्शवादी शब्द नहीं, जीवन की वास्तविक शक्तियां हैं। आज करियर-केंद्रित साहित्य की भी आवश्यकता है।
हमारे साहित्य में किसान, मजदूर, शिक्षक, सैनिक और राजनेता के जीवन का वर्णन मिलता है, परंतु नए व्यवसायों, उद्यमिता, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप, कानून, चिकित्सा, अनुसंधान, पर्यावरण, खेल, मीडिया और कौशल-आधारित रोजगार की दुनिया अभी पर्याप्त रूप से उपस्थित नहीं है। ऐसी पुस्तकें लिखी जानी चाहिए, जो युवाओं को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देने के साथ सफलता के पीछे के संघर्ष, असफलता और नैतिक दुविधाओं को भी साहित्यिक रूप में प्रस्तुत करें। साहित्य को रोजगार की पुस्तिका नहीं बनना है, लेकिन उसे जीवन और आजीविका के संबंध को समझना अवश्य होगा।
हमारे नए साहित्य में भारत के अपने दर्शन और ज्ञान-परंपरा का आत्मविश्वास दिखाई देना चाहिए। इसका अर्थ पश्चिमी चिंतकों का अस्वीकार करना नहीं, बल्कि उनकी अंधी नकल से मुक्त होना है। भारतीय चिंतन को प्रमाणित करने के लिए प्रत्येक बार किसी पश्चिमी दार्शनिक का सहारा लेने की आवश्यकता क्यों पड़े? उपनिषद, भगवद्गीता, बौद्ध और जैन दर्शन, संत साहित्य, ज्ञानेश्वरी तथा लोकपरंपराओं में जीवन, प्रकृति, कर्तव्य और मानवता पर गहन विचार उपलब्ध हैं। आधुनिक लेखक को इस ज्ञान-संपदा को वर्तमान जीवन के प्रश्नों से जोड़ना चाहिए। तभी भारतीय साहित्य विश्व-मंच पर अनुयायी नहीं, स्वतंत्र विचार-सहभागी बन सकेगा।
आज पर्यावरण-संकट, जल-संरक्षण, महानगरीय अकेलापन, वृद्धों की उपेक्षा, टूटते परिवार, स्त्री-सुरक्षा, सामाजिक समरसता, डिजिटल लत, साइबर अपराध और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषय साहित्य के केंद्र में आने चाहिए। साथ ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण, संविधान-बोध, नागरिक कर्तव्य, राष्ट्रीय एकता और स्थानीय भाषाओं के संरक्षण पर भी प्रभावशाली लेखन आवश्यक है। बच्चों के लिए ऐसा साहित्य रचा जाए, जो उन्हें केवल काल्पनिक मनोरंजन न दे, बल्कि जिज्ञासा, तर्क, करुणा और आत्मविश्वास भी प्रदान करे। हिंदी और मराठी साहित्य को परस्पर निकट लाने के लिए श्रेष्ठ रचनाओं के गुणवत्तापूर्ण अनुवाद होने चाहिए। महाराष्ट्र की सामाजिक-सांस्कृतिक चेतना हिंदी पाठकों तक पहुंचे और हिंदी क्षेत्र के अनुभव मराठी पाठकों के सामने आएं। मुंबई इस साहित्यिक संगम की स्वाभाविक भूमि है। यहां से ऐसा द्विभाषिक साहित्यिक आंदोलन आरंभ हो सकता है, जो भारतीय भाषाओं को बाजार और तकनीक के नए मंचों पर सम्मानजनक भागीदारी दिलाए।
आज के साहित्य की भाषा भी सहज, संप्रेषणीय और प्रभावशाली होनी चाहिए। कठिन शब्दावली को ही विद्वत्ता मान लेना उचित नहीं है। सरलता साहित्य की कमजोरी नहीं, उसकी व्यापक शक्ति है। साथ ही सोशल मीडिया की सतही और अधूरी भाषा को साहित्य का मानक भी नहीं बनाया जा सकता। भाषा ऐसी हो, जिसमें परंपरा की गरिमा और आधुनिक जीवन की गति-दोनों सुरक्षित रहें।
आज हमें अतीत से कटे हुए अथवा अतीत में ही अटके हुए साहित्य की नहीं, बल्कि अपनी जड़ों पर खड़े होकर भविष्य की ओर देखने वाले साहित्य की आवश्यकता है। ऐसी पुस्तकें चाहिए, जो मनोरंजन के साथ मनुष्य को भीतर से समृद्ध करें; प्रश्न उठाएं, पर निराशा में न छोड़ें; संघर्ष दिखाएं, पर मार्ग भी सुझाएं। साहित्य का अंतिम लक्ष्य केवल पुरस्कार, प्रसिद्धि अथवा बिक्री नहीं, बल्कि विवेकवान, आत्मनिर्भर, संवेदनशील और चरित्रवान समाज का निर्माण होना चाहिए। जो साहित्य नई पीढ़ी को अपने देश, अपनी भाषा और अपने सामर्थ्य पर विश्वास करना सिखाएगा, वही वास्तव में आधुनिक भारत का आवश्यक साहित्य कहलाएगा।

अन्य समाचार