मुख्यपृष्ठग्लैमरमां जया की फिल्म से बेटी हेमा आउट!

मां जया की फिल्म से बेटी हेमा आउट!

जब हीरो या हीरोइन अपने ही घर में मौजूद हों, तो फिल्म बनाते समय बाहर के हीरो या हीरोइन को लेने के बारे में हम सोच भी कैसे सकते हैं? शायद इसी सोच के साथ राज कपूर ने आर.के. फिल्म्स के बैनर तले अपने बेटों को लेकर फिल्में बनार्इं। कुछ ऐसा ही धर्मेंद्र और राजेंद्र कुमार ने भी किया। फिर भला अभिनेत्री हेमा मालिनी की मां जया चक्रवर्ती अपनी ही बेटी को नजरअंदाज करके फिल्म बनाने के बारे में कैसे सोच सकती थीं?
जब बासु चटर्जी फिल्म `पिया का घर’ बना रहे थे, उस समय फिल्म के आर्ट डायरेक्टर बंसी चंद्रगुप्त फिल्म स्वामी की पटकथा पर काम कर रहे थे। दरअसल, निर्माता मदन मोहला की योजना थी कि वह बंसी चंद्रगुप्त के निर्देशन में हेमा मालिनी और मनोज कुमार को लेकर स्वामी फिल्म बनाएं। मदन मोहला इससे पहले हेमा के साथ शरारत और राजा जानी जैसी फिल्में बना चुके थे। बासु चटर्जी के मन में यह विचार आया कि काश, स्वामी का निर्देशन उन्हें करने का मौका मिलता। वास्तव में वह शरतचंद्र चट्टोपाध्याय का बांग्ला उपन्यास स्वामी से काफी प्रभावित थे। हालांकि, बंसी चंद्रगुप्त की यह फिल्म किसी कारणवश शुरू नहीं हो पा रही थी।
दूसरी ओर, हेमा की मां जया चक्रवर्ती की यही कोशिश रहती थी कि हेमा को अच्छे और प्रतिभाशाली निर्देशकों के साथ काम करने का मौका मिले। बासु चटर्जी की फिल्म रजनीगंधा देखकर वह उनसे काफी प्रभावित हुईं और उन्होंने तय कर लिया कि वह खुद बासु चटर्जी के निर्देशन में हेमा को लेकर फिल्म बनाएंगी। उन्होंने हेमा के सचिव इंदर कुमार को आदेश दिया कि वह हेमा को ध्यान में रखते हुए कोई अच्छी कहानी तय करें, ताकि बासु चटर्जी के निर्देशन में हेमा को लेकर फिल्म शुरू की जा सके। चटर्जी तो फिल्म के लिए तैयार हो गए थे, अब सिर्फ कहानी तय करनी बाकी थी इंदर को पता था कि मदन मोहला अपनी फिल्म स्वामी शुरू नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने चटर्जी से स्वामी की कहानी पर चर्चा की तो चटर्जी उस पर फिल्म बनाने के लिए राजी हो गए। इसकी वजह यह भी थी कि स्वामी का निर्देशन करना बासु चटर्जी का सपना था। इंदर ने मदन मोहला से फिल्म स्वामी के अधिकार खरीद लिए और जया चक्रवर्ती ने हेमा को लेकर फिल्म स्वामी बनाने की घोषणा कर दी। दूसरी ओर, मोहला ने मनोज कुमार के साथ हेमा को लेकर फिल्म दस नंबरी शुरू कर दी। लेकिन जब बासु फिल्म की पटकथा पर काम करने बैठे, तो उन्होंने हेमा की जगह किसी दूसरी अभिनेत्री को लेने का सुझाव दिया। उनके अनुसार, फिल्म का किरदार हेमा की बनी छवि से बिल्कुल अलग था। वह हेमा को एक सीधी-सादी भारतीय नारी के रूप में पेश नहीं करना चाहते थे। अब जया के लिए मुश्किल खड़ी हो गई। एक तरफ वह चटर्जी जैसे प्रतिभाशाली निर्देशक को, तो दूसरी तरफ हेमा को फिल्म से हटाने के लिए तैयार नहीं थीं।
आखिरकार, वह इस शर्त पर मान गईं कि बासु चटर्जी अपनी अगली फिल्म हेमा को लेकर ही बनाएंगे। हालांकि, फिल्म स्वामी में हेमा को सिर्फ एक विशेष भूमिका (गेस्ट आर्टिस्ट) में रखा गया, जिसमें वह धर्मेंद्र के साथ थी। अब हेमा की जगह विक्रम के साथ नायिका की भूमिका के लिए अभिनेत्री लक्ष्मी से संपर्क किया गया। क्योंकि विक्रम और लक्ष्मी की जोड़ी वाली फिल्म जूली हिट रही थी। लेकिन लक्ष्मी ने एक पारंपरिक भारतीय महिला का किरदार निभाने से इनकार कर दिया। आखिरकार, यह भूमिका शबाना आजमी को मिल गई। फिल्म स्वामी के बाद बासु चटर्जी ने अपना वादा निभाया और अपनी अगली फिल्म दिललगी में हेमा को धर्मेंद्र के साथ पेश किया। इसके बाद उन्होंने हेमा को लेकर एक और फिल्म रत्नदीप भी बनाई।

अन्य समाचार