मुख्यपृष्ठखबरेंप्रेम की पंचायत : ...तो कहलाओगे ‘टॉक्सिक बॉयफ्रेंड ’!

प्रेम की पंचायत : …तो कहलाओगे ‘टॉक्सिक बॉयफ्रेंड ’!

पं. प्रेमानंद शास्त्री (मणिकर्णिका घाट वाले)

हर-हर महादेव! मणिकर्णिका की धधकती चिताओं के बीच प्रेम ओपीडी फिर हाजिर है। आइए, आज दो नए प्रेम-संकटों का हल निकालते हैं।
‘पंडित जी, हमारी प्रेमिका ‘रील्स’ बनाने की ऐसी दीवानी है कि कैफे में कॉफी ठंडी हो जाती है और हम ‘कट-टेक’ के चक्कर में भूखे रह जाते हैं। इस कैमरे की कैद से कैसे आजाद हों?’
– सिद्धार्थ, प्रभादेवी
हे कैमरामैन बने सिद्धार्थ वत्स! शास्त्र कहते हैं, ‘दृश्यं क्षणभंगुरम्!’ पर तुम्हारी प्रेमिका के लिए तो हर पल ‘वायरल’ होने का अवसर है। झगड़ा करोगे तो अगली रील का विषय ‘टॉक्सिक बॉयफ्रेंड’ बन जाएगा। चालाकी से काम लो। अगली बार वह कैमरा उठाए तो गंभीर होकर कहो, ‘प्रिय! तुम्हारी खूबसूरती इतनी दिव्य है कि मोबाइल का लेंस भी शर्माकर धुंधला हो जाता है, इसलिए कॉफी पहले पी लें!’ ऐसी मीठी चाशनी में डूबी बात सुनकर वह खुद कैमरा नीचे रख देगी।
‘पंडित जी, मेरे प्रेमी को हर बात पर ‘सॉरी’ बोलने की आदत है, चाहे गलती मेरी हो या उसकी। इससे बहस अधूरी रह जाती है और मुझे समझ ही नहीं आता कि नाराजगी कहां उतारूं?’
– अनन्या, ठाणे
हे असमंजस में डूबी अनन्या बालिके! शास्त्रों में कहा गया है, ‘क्षमा वीरस्य भूषणम्!’ पर तुम्हारे प्रेमी ने तो ‘सॉरी’ को ही ढाल बना लिया है। हर तकरार में आत्मसमर्पण कर दे तो सामने वाला भी क्या करे? इस ढाल को हटाने का उपाय सरल है। अगली बार वह ‘सॉरी’ कहे तो मुस्कुराकर कहो, ‘माफी की क्या जरूरत है, बस आज की आइसक्रीम का बिल तुम भर दो!’ इससे नाराजगी भी पिघल जाएगी और हिसाब भी बराबर रहेगा।
पंडित जी का महाज्ञान
प्रेम में ‘सॉरी’ और ‘कैमरा’, दोनों की सीमा तय न हो, तो रिश्ता केवल दिखावा बन जाता है!
वैधानिक चेतावनी
यदि इस नुस्खे के बाद भी रील बनती रहे या आइसक्रीम का बिल आपके ही खाते में जुड़े, तो उसके जिम्मेदार आप स्वयं होंगे। इसमें पंडित जी या समाचार पत्र का कोई उत्तरदायित्व नहीं होगा। मुस्कुराएं और आगे बढ़ें!

अन्य समाचार