मुख्यपृष्ठस्तंभपटना की पॉलिटिक्स : परिसीमन नहीं, लोकतंत्र का गला घोंटने की साजिश!

पटना की पॉलिटिक्स : परिसीमन नहीं, लोकतंत्र का गला घोंटने की साजिश!

-अरुण कुमार गुप्ता

प्रस्तावित परिसीमन को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि परिसीमन के नाम पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह महज निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को कमजोर करने का अभियान है। मनोज झा ने संसद के विशेष सत्र बुलाने के तरीके पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि मानसून सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त किए बिना ही उसे आगे बढ़ाकर विशेष बैठक बुलाना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि आखिर सरकार इस तरह की जल्दबाजी में क्या हासिल करना चाहती है? आरजेडी सांसद ने असम का उदाहरण देते हुए आशंका जताई कि बीजेपी वहां जिस तरह परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर विवादों में रही, उसी तरह की कवायद अब पूरे देश में दोहराई जा सकती है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए राजनीतिक लाभ के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की आशंका जताई।
वोट चोरी का आरोप लेकर गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस!
बिहार में मतदाता सूची को लेकर सियासी लड़ाई अब गांवों तक पहुंचने वाली है। कांग्रेस ने २९ नवंबर से १५ दिसंबर तक मुजफ्फरपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में `वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। इन चौपालों के जरिए पार्टी मतदाता सूची का सत्यापन करेगी और कथित तौर पर हटाए गए नामों की जानकारी जुटाएगी। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता समीर कुमार के मुताबिक, गांव स्तर पर आयोजित होने वाली इन चौपालों में संगठन के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंडल अध्यक्षों को चौपाल और संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। इस अभियान का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि कांग्रेस लगातार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाती रही है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है और किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
बीजेपी के खिलाफ विपक्ष का मोर्चा!
संसद के विशेष सत्र की घोषणा के साथ ही बिहार की राजनीति में परिसीमन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। केंद्र सरकार ३० नवंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। लेकिन विपक्ष को आशंका है कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे की आड़ में देश के राजनीतिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का संतुलन बदलने की कोशिश हो सकती है। आरजेडी और कांग्रेस की ओर से इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। विपक्ष का तर्क है कि परिसीमन केवल लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का मामला नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और लोकतांत्रिक संतुलन पर पड़ेगा। ऐसे महत्वपूर्ण पैâसले से पहले सभी राजनीतिक दलों और राज्यों के साथ व्यापक चर्चा होनी चाहिए। विपक्ष का सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब महिला आरक्षण कानून पहले ही पारित हो चुका है, तो उसे लागू करने के लिए परिसीमन की नई प्रक्रिया को किस तरह और किन शर्तों पर आगे बढ़ाया जा रहा है? क्या सरकार राज्यों के प्रतिनिधित्व की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की ठोस गारंटी देगी?

अन्य समाचार