कविता श्रीवास्तव
बिहार की एक शादी इन दिनों खूब चर्चा में है। चर्चा किसी अनूठी रस्म, सामाजिक पहल या यादगार आयोजन की नहीं, बल्कि करीब 25 लाख रसगुल्लों की है। खबर में बताया गया कि इतनी बड़ी मात्रा में रख रसगुल्ले मिनटों में गायब हो गए। लाखों लोगों के लिए भोजन का इंतजाम किया गया। घुड़दौड़ रखी गई। विशिष्ट मेहमानों के लिए हेलीकॉप्टर चलाते रहे। शादी में इतनी बड़ी तादाद में रसगुल्लों का इंतजाम किया गया कि यह आयोजन देखते ही देखते खबरों और सोशल मीडिया की सुर्खियों में आ गया। किसी के लिए यह मेहमाननवाजी की मिसाल है, किसी के लिए हैरान कर देने वाला आयोजन, तो बहुत से लोगों के लिए मनोरंजन और तमाशे का विषय। लेकिन इस खबर के पीछे एक बड़ा सामाजिक सवाल भी छिपा है। आखिर शादियों में इस तरह की भव्यता दिखाने की होड़ क्यों बढ़ती जा रही है? क्या शादी-ब्याह अब दो परिवारों के मिलने, रिश्तों को जोड़ने और खुशियां बांटने का अवसर भर रह गए हैं या फिर अपनी आर्थिक हैसियत, दबंगई और रसूख का प्रदर्शन करने का मंच बनते जा रहे हैं? दरअसल, भारतीय समाज में शादी हमेशा से उत्सव का अवसर रही है। परिवार अपनी सामर्थ्य के अनुसार मेहमानों की खातिरदारी करते हैं। अच्छा भोजन, मिठाइयां, संगीत और पारंपरिक रस्में इस उत्सव का हिस्सा हैं। इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन जब आयोजन का मकसद मेहमानों को खुश करने से ज्यादा दुनिया को अपनी ताकत और संपन्नता दिखाना बन जाए, तब सवाल उठना स्वाभाविक है। 25 लाख रसगुल्ले हों या सैकड़ों तरह के पकवान, सवाल सिर्फ खर्च का नहीं, बल्कि उस सोच का है जो भव्यता को प्रतिष्ठा और दिखावे को सम्मान का पैमाना मानने लगी है। समाज में ऐसे आयोजनों की चर्चा जरूर होती है, लेकिन क्या यही चर्चा किसी परिवार की वास्तविक प्रतिष्ठा तय करती है? एक तरफ समाज में ऐसे परिवार हैं, जहां बच्चों की शिक्षा, बुजुर्गों के इलाज और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ता है। दूसरी तरफ शादी-ब्याह में अपनी हैसियत साबित करने के लिए लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। यह तुलना किसी की खुशी पर सवाल उठाने के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक प्राथमिकताओं पर विचार करने के लिए जरूरी है। शादी में खर्च करना किसी का निजी फैसला हो सकता है। किसी को अपनी खुशी मनाने का पूरा अधिकार है। लेकिन खुशी और दिखावे के बीच एक महीन अंतर होता है। जब यह अंतर मिटने लगता है, तब उत्सव तमाशे में बदल जाता है।आखिर शादी की असली मिठास 25 लाख रसगुल्लों में नहीं, बल्कि उन रिश्तों में होती है जो जीवनभर साथ निभाते हैं। प्रतिष्ठा मिठाइयों की संख्या से नहीं, इंसान के व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारी से बनती है। किसी भी आयोजन को सार्वजनिक बनाने के पीछे कोई ना कोई सामाजिक हित होना चाहिए लोगों को प्रेरणा मिलनी चाहिए याह भी आवश्यक है।
