मुख्यपृष्ठनए समाचारजोरदार धमाके के बाद धारावी में लगी भीषण आग! ...हार्बर लाइन रही...

जोरदार धमाके के बाद धारावी में लगी भीषण आग! …हार्बर लाइन रही घंटों ठप

मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड और मनपा समेत कई एजेंसियां मिलकर आग के असली कारण का पता लगा रही हैं।

जेदवी / मुंबई
धारावी के नवरंग कंपाउंड में कल शनिवार दोपहर अचानक भड़की भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। रेलवे ट्रैक से सटी झोपड़ियों में दोपहर करीब १२.३० बजे उठी आग की लपटों ने मिनटों में आसपास के इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बांद्रा–माहिम के बीच हार्बर लाइन की लोकल सेवाएं तुरंत रोकनी पड़ीं। स्थानीय लोगों का दावा है कि आग से ठीक पहले जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी थी। घटना के बाद पुलिस ने सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
दमकल विभाग के चार फायर इंजन और अन्य वाहन मौके पर भेजे गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण आग में कोई घायल या हताहत नहीं हुआ। सुरक्षा के तहत रेलवे ने ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन) भी तत्काल बंद कर दी, ताकि किसी भी यात्री या ट्रेन को खतरा न हो। रेल सेवा बाधित होने की वजह से यात्री परेशान होकर रेलवे ट्रैक पर चलते दिखे। कुछ दिन पहले ही ट्रैक पर चलने के कारण दो यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि तीन घायल हो गए थे। इसके बाद भी यात्रियों को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा कर्मी नदारद थे। इस मामले में रेलवे प्रवक्ता ने बताया कि स्थिति काबू में आने के बाद ही ट्रेनें नियंत्रित तरीके से शुरू की गईं। आग से हुए नुकसान का अनुमान अभी नहीं लगाया जा सका है, लेकिन समय रहते उठाए गए कदमों की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।

सिलेंडर में धमाका की आशंका
माहिम इलाके में ट्रैक के पास लगी इस आग को लेकर कई तरह की आशंकाएं सामने आ रही हैं। कुछ स्थानीय लोगों ने धमाकों की आवाज सुनने की बात दोहराई है। पुलिस को सिलेंडर ब्लास्ट की संभावना भी खटक रही है। मार्च २०२५ में भी इसी इलाके में सिलेंडर विस्फोट की बड़ी घटना हुई थी। इसी वजह से पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं यह कोई साजिश तो नहीं या झोपड़ियों में अवैध सिलेंडर जमा किए गए थे?

 

अन्य समाचार