मुख्यपृष्ठनए समाचारमानखुर्द इलाके का शर्मसार करनेवाला एक वीडियो हुआ वायरल...डॉग पिटबुल से मासूम...

मानखुर्द इलाके का शर्मसार करनेवाला एक वीडियो हुआ वायरल…डॉग पिटबुल से मासूम को कटवाता रहा…बच्चा दर्द से चीखता रहा और लोग वीडियो बनाते रहे…विदेशी ब्रीड के डॉग पिटबुल आदि पर बैन है

एम एम एस

इंसानियत को शर्मसार करनेवाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स अपने पिटबुल कुत्ते से एक मासूम बच्चे को कटवाता हुआ दिख रहा है। बच्चा दर्द से चीखता रहा, ‘अंकल बचा लो,’ लेकिन आरोपी मालिक उसकी मदद करने के बजाय हैवानों की तरह हंसता रहा। दिल दहला देनेवाली यह घटना मुंबई के मानखुर्द इलाके की है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ऑटोरिक्शा में आगे की सीट पर बैठा मोहम्मद सोहैल हसन नाम का शख्स अपने पिटबुल कुत्ते को पीछे बैठे बच्चे पर हमला करने के लिए उकसा रहा है। कुत्ते का पट्टा हाथ में होने के बावजूद वह उसे नहीं रोकता। कुत्ता बार-बार बच्चे पर झपटता है, उसके हाथ और ठुड्डी पर काटने की कोशिश करता है। डरा-सहमा बच्चा जब किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए ऑटो से कूदकर भागता है तो आरोपी अपने कुत्ते को उसके पीछे दौड़ा देता है।
पीड़ित बच्चे हमजा ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा, ‘कुत्ते ने मुझे काट लिया। जब मैं भागा तो उसने मेरे कपड़े पकड़ लिए। मैंने कुत्ते के मालिक से उसे हटाने के लिए कई बार कहा, लेकिन वह सिर्फ हंसता रहा।’ मासूम ने दर्द बयां करते हुए कहा, ‘वहां मौजूद कोई भी मेरी मदद के लिए आगे नहीं आया, सब लोग बस वीडियो बना रहे थे।’ हमजा इस हमले के बाद से गहरे सदमे और डर में है।
शिकायत के मुताबिक, हमजा एक खड़े हुए ऑटोरिक्शा में खेल रहा था, तभी आरोपी सोहैल अपना कुत्ता लेकर वहां पहुंचा और जानबूझकर उसे बच्चे पर छोड़ दिया। मानखुर्द पुलिस ने आरोपी कुत्ते के मालिक मोहम्मद सोहैल हसन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा २९१, १२५ और १२५(A) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि पिटबुल जैसे आक्रमक विदेशी ब्रीड के कुत्तों पर कोर्ट ने रोक लगाई है। पिटबुल, अमेरिकन बुलडॉग और रोटवीलर सहित लोगों की जान के लिए खतरा साबित हो रहे २४ विदेशी ब्रीड के डॉग पालने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
देश में विदेशी ब्रीड वाले डॉग के शिकार बने लोगों के वीडियो तेजी से वायरल हुए थे। इस बाबत भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन और डेरी मंत्रालय को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। ताजा मामला दिल्ली का है। दिल्ली में एक विदेशी ब्रीड के डॉग के मासूम बच्ची पर हमला कर मार डालने के बाद डेरी मंत्रालय ने एनिमल हसबेंडरी कमिश्नर की अध्यक्षता में एक कमिटी बनाई, जिसमें अलग-अलग संगठनों और एक्सपर्ट को शामिल किया गया था। कमिटी ने विदेशी ब्रीड के डॉग पिटबुल, अमेरिकन बुलडॉग, रोटवीलर सहित २४ विदेशी ब्रीड के डॉग को प्रतिबंधित श्रेणी में डाला है। इन्हें बैन डॉग कहा गया है। अब इनमें से किसी भी ब्रीड के डॉग का इंपोर्ट, ब्रीडिंग और देश में खरीद-फरोख्त अवैध होगी।
देश में इनकी ब्रीडिंग को भी पूरी तरह अवैध घोषित कर दिया गया है। अभी जिन लोगों ने इन ब्रीड के डॉग पाले हुए हैं, उन्हें उनकी नसबंदी करानी होगी, जिससे संख्या बढ़ने से रोका जा सके।

अन्य समाचार