-महिला कांस्टेबल और यात्रियों ने पुलिस जवानों को बांधी राखी
सामना संवाददाता / मुंबई
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर भाई-बहन के प्रेम का अनोखा संगम देखने को मिला। रक्षा बंधन त्यौहार के मौके पर मुंबई सेंट्रल रेलवे पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद थे, तभी स्टेशन पर रक्षाबंधन का उत्सव मनाया गया।पुलिसकर्मी त्योहार के दिन भी अपने परिवार से दूर रहकर यात्रियों की सुरक्षा में लगे हुए थे। इसी दौरान महिला पुलिसकर्मी और महिला रेल यात्रियों ने मानवता और मराठी परंपरा का परिचय देते हुए ड्यूटी पर तैनात जवानों की कलाई पर राखी बांधी।इस भावुक पल ने पुलिस और जनता के बीच के रिश्ते को और मजबूत कर दिया। आमतौर पर पुलिस को सख्त रूप में देखा जाता है, लेकिन इस दिन वे एक भाई के रूप में नजर आए। महिला यात्रियों ने कहा कि जो हमारी दिन-रात रक्षा करते हैं, उन्हें राखी बांधना गर्व की बात है।
मुंबई सेंट्रल रेलवे पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रवींद्र एम. काटकर ने बताया कि इस तरह के आयोजन से पुलिस का मनोबल बढ़ता है।
