मुख्यपृष्ठग्लैमरअभिर चटर्जी की धमाकेदार वापसी: दुर्गा पूजा 2025 में रिलीज़ हो रही...

अभिर चटर्जी की धमाकेदार वापसी: दुर्गा पूजा 2025 में रिलीज़ हो रही है ‘रक्तबीज 2’

मुंबई। बंगाली सिनेमा के बॉक्स ऑफिस सुपरस्टार अभिर चटर्जी एक बार फिर दुर्गा पूजा के त्योहार पर धमाल मचाने को तैयार हैं। इस बार वह लौट रहे हैं अपनी हिट फिल्म ‘रक्तबीज’ के बहुप्रतीक्षित सीक्वल ‘रक्तबीज 2’ में, एक बार फिर पंकज सिन्हा के रूप में।

बंगाली दर्शकों के बीच दुर्गा पूजा फिल्मों की परंपरा जितनी पुरानी है, उतना ही मजबूत है अभिर का इस त्योहार से रिश्ता। ‘कर्णसुबर्णेर गुप्तधन’, ‘अवरोध: द सीज विदिन 2’, और ‘बहुरूपी’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के जरिए उन्होंने इस मौसम को अपनी उपस्थिति से हमेशा खास बनाया है।

‘रक्तबीज’ में अभिर का किरदार – एक शांत, बुद्धिमान और नैतिक दुविधाओं से जूझता अफसर – दर्शकों के दिलों में घर कर गया था। अब उसी किरदार की वापसी लेकर आ रही है ‘रक्तबीज 2’, जहाँ साज़िशें और गहरी होंगी, चुनौतियाँ ज्यादा व्यक्तिगत होंगी और कहानी पहले से कहीं ज्यादा रोमांचक होगी।

फिल्म के निर्माता शिबोप्रसाद मुखर्जी और नंदिता रॉय का कहना है कि अभिर के बिना पंकज सिन्हा की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, “अभिर उन दुर्लभ सितारों में से हैं जो हर बार स्क्रीन पर जादू बिखेरते हैं। इस बार वह जबरदस्त एक्शन और इमोशन के साथ लौट रहे हैं। ‘रक्तबीज 2’ दर्शकों के लिए एक दमदार सिनेमाई अनुभव बनने जा रही है।”

अभिर चटर्जी ने भी फिल्म को लेकर अपनी भावनाएँ साझा करते हुए कहा, “मेरे लिए हर किरदार को सच्चाई और ईमानदारी से निभाना सबसे जरूरी है। दर्शकों का प्यार ही मेरी सबसे बड़ी जीत है। ‘रक्तबीज 2’ मेरे लिए खास है, क्योंकि पंकज सिन्हा का किरदार मुझे लगातार चुनौती देता है और नयी गहराइयों में ले जाता है।”

‘रक्तबीज 2’, विंडोज़ प्रोडक्शन्स के बैनर तले बन रही है और इसे 2025 की सबसे बड़ी रिलीज़ में से एक माना जा रहा है। दुर्गा पूजा के दौरान सिनेमाघरों में लगने वाली इस थ्रिलर फिल्म का बेसब्री से इंतज़ार हो रहा है।

बंगाली सिनेमा के फैन्स के लिए यह त्योहार फिर से एक यादगार अनुभव बनने वाला है – और इसका श्रेय जाता है अभिर चटर्जी की दमदार वापसी को।

अन्य समाचार